महासमुन्द
देर शाम न्यायालय में पेश होते ही सभी मुचलके पर छूटीं
मामला कुहरी वन निगम कक्ष क्रमांक 831 क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण का
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अगस्त। तुमगांव सामुदायिक केन्द्र में कल सुबह से शाम तक महिलाओं के मेडिकल टेस्ट कराने के बाद शाम ढलते सभी को जिला न्यायालय ले जाया गया। न्यायालय में पेश होने के बाद सभी को जेल भेजने के बजाय न्यायाधीश ने मुचलके पर रिहा करते हुए अपने-अपने निवास भेज दिया। इनमें से कुछ महिलाओं की तबीयत खराब हुई तो रेंजर एक्का ने उन्हें जिला अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया। इसके बाद रात साढ़े 9 बजे महिलाएं अपने घरों को लौटीं।
मालूम हो कि महासमुंद जिले के ग्राम कुहरी वन निगम कक्ष क्रमांक 831 क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण मामले 78 महिलाओं को कल वन निगम ने जिला न्यायालय में पेश किया। कल सुबह से विभाग के अफसरों ने महिलाओं को जलकी में एकत्र किया और वन विकास निगम के वाहन से सभी को सरकारी अस्पताल तुमगांव लाया था।
तुमगांव अस्पताल में कल शाम तक सभी महिलाओं का मेडिकल टेस्ट हुआ। मेडिकल टेस्ट के बाद सभी को जिला न्यायालय महासमुंद में पेश किया जाएगा। न्यायालय में पेश होने के बाद इन महिलाओं को मुचलके पर छोड़ दिया गया।
वन विकास निगम के रेंजर एक्का का कहना है कि इन्होंने निगम क्षेत्र की जमीन पर लगे सागौन के पेड़ों को जड़ से उखाडक़र खेती किया है। इसलिए इन्हें बेघर कर इनके खिलाफ कार्रवाई जारी है।
मामला यह है कि कुहरी, जलकी क्षेत्र में लगभग 40-45 सालों से आदिवासियों का परिवार निवासरत है।
इन आदिवासियों ने तभी से जंगल की जमीन पर झोपडिय़ां बनाई और जीवकोपार्जन के लिए खेत भी तैयार किए। छह साल पहले भी वन विकास निगम ने इनकी झोपडिय़ों को गिरा दिया और खेती बाड़ी नष्ट कर खेती के स्थान पर सागौन के पेड़ रोप दिए थे। लेकिन थोड़े ही दिन बाद आदिवासी परिवारों ने दुबारा उक्त जमीन पर झोपडिय़ां तैयार की और सागौन के पेड़ों को हटाकर खेती करना शुरू कर दिया।
मंगलवार को भी रेंजर एक्का की टीम ने कुहरी और जलकी के जंगल में दबिश देकर आदिवासियों को वहां से बेदखल दिया और खेतों पर कब्जा करने की कोशिश की तो सारी महिलाएं अपने परिवार के बचाव के लिए सामने आ गईं। उन्हें वन विकास निगम ने कई तरह से समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं मानीं तो विभाग के अफसरों ने उन्हें जेल भेजने के लिए कार्रवाई शुरू की। मंगलवार की शाम भी सभी को तुमगांव अस्पताल लाया गया था लेकिन यहां 20 महिलाओं का ही मेडिकल हो सका था। शाम होने के कारण सभी को वापस गांव में छोड़ दिया गया।
कल सुबह से महिलाएं जलकी में आकर खड़ी रहीं और वन विकास निगम ने उन्हें तुमगांव अस्पताल लाया जहां देर शाम तक उनका मेडिकल टेस्ट जारी रहा। रेंजर एक्का के मुताबिक यह क्षेत्र आरंग वन विकास निगम क्षेत्र में आता है। यहां अतिक्रमण की मनाही है। मना करने पर ग्रामीण और महिलाएं अफसरों से मारपीट करते हैं। लिहाजा इन्हें कल न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद सभी को मुचलके पर छोड़ दिया गया। इस दौरान पूरे समय निगम के उच्च अधिकारियों के साथ समेत वन अमला महिलाओं के साथ मौजूद रहा।