महासमुन्द
ओडिशा से लौट रहे थेे, रायपुर में सराफादुकान के कर्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अगस्त। महासमुंद पुलिस ने चांदी की अवैध तस्करी मामले में दो आरोपियों से ढाई सौ किलो चांदी के जेवर, नगदी रकम साढ़े 72 हजार रुपए, कार, दो मोबाइल बरामद किया है।
आज शाम चार बजे कंट्रोल रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर एसपी भोजराम पटेल, एएसपी आकाश राव, एसडीओपी विकास पटले, थाना प्रभारी सिंघोड़ा केशव कोसले ने इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो इतनी बड़ी तादाद में चांदी लेकर ओडिशा की ओर से लौट रहे थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि दोनों आरोपी अनिल ललित ज्वेलर्स सदर बाजार रायपुर में काम करते हैं।
पुलिस अफसरों ने बताया कि 3 अगस्त को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अन्तरराजीय चेक पोस्ट रेहटीखोल (छग-ओडिशा बॉर्डर) के पास पुलिस पार्टी द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, तभी बरगढ़ ओडिशा की तरफ से एक सफेद रंग की कार क्रमांक सीजी 04 सीएल 6777 तेज रफ्तार से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी।
उक्त वाहन को चेक पोस्ट के पास रोका गया। कार में दो व्यक्ति बैठे मिले। जिनसे पूछताछ करने पर ड्राईवर के बगल सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम राम रूचि पटेल उम्र 36 वर्ष निवासी बोरिया खुर्द संतोषी मंदिर के पास रायपुर एवं वाहन चालक ने अपना नाम शिव कुमार गंधर्व उम्र 24 वर्ष निवासी पचपेडी नाका रायपुर रहने वाला बताया।
पूछताछ करने पर सही तरीके से जवाब नहीं देने व जवाब गोलमोल व संतोषप्रद नहीं पाये जाने पर वाहन की तलाशी ली गई तो पीछे डिक्की में अलग-अलग बैग रखा हुआ मिला। इससे पुलिस टीम को संदेह हुआ और कार डिक्की को खुलवाकर चेक किया गया तो कार की डिक्की में अलग अलग 20 बैग एवं 1 अटैची मिला जिसे खोल चेक करने पर भारी मात्रा में चांदी की ज्वेलरी एवं नगदी रकम मिला। जिसे निकालकर चेक करने पर भारी मात्रा में चांदी के विभिन्न आभूषण (पायल, ब्रेसलेट, कडा, चुडा व अन्य आभूषण) एवं नगदी रकम रखे मिला।
उक्त संबंध में पूछताछ करने पर वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने बताया कि अनिल ललित ज्वेलर्स, सदर बाजार रायपुर में काम करते हैं। पुलिस की टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों से नगदी रकम व चांदी की ज्वेलरी के संबंध में दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो वह कोई भी वैधानिक दस्तावेज पेश नहीं कर पाया और पुलिस गोलमोल जवाब दे रहे थे। दोनों का आचरण भी संदिग्ध था।
चांदी की ज्वेलरी व नगदी रकम के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं होने से चांदी की आभूषण वजनी करीबन 251.900 किलो ग्राम कीमती करीबन 1,51,14,000/- रूपये एवं कार सफेद रंग की कीमती करीबन 5,00,000 रूपये को एवं नगदी रकम 72,500 रूपये जब्त कर थाना सिंघोड़ा में धारा 41(1+4) जा.फौ., धारा 379 भादवि के तहत् कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया जिसे न्यायिक अभिरक्षा भेजने व विवेचना कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।