महासमुन्द
स्कूल परिसर में ही आइसोलेशन वार्ड बना दिया गया है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अगस्त। महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय में एक साथ कोरोना के 56 केस मिलने के बाद हडक़ंप मचा हुआ है। संक्रमितों में 2 स्टाफ के साथ 54 छात्र-छात्राएं हैं। परसों सोमवार को जिले में कुल 35 संक्रमितों की पुष्टि हुई थी, जिसमें 20 से अधिक संक्रमित मरीज इसी विद्यालय से मिले थे। जानकारी मिली है कि स्कूल परिसर में ही आइसोलेशन वार्ड बना दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को स्कूल परिसर में जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में एक साथ बड़ी संख्या में संक्रमितों की पुष्टि हुई। स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत रहाटे का कहना है कि कुछ दिन पहले यहां कुछ बच्चे संक्रमित पाए गए थए। इसके बाद सोमवार से लगातार सभी की जांच कराई गई। जिसमें 56 संक्रमित मिले हैं। सभी का उपचार चल रहा है और सभी एहतियात बरत रहे हैं।
आज सुबह 9 बजे तक नवोदय विद्यालय में 273 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें 56 संक्रमितों की पुष्टि कल मंगलवार को 4 बजे तक हो पाई है। स्कूल परिसर में एक साथ कोरोना संक्रमित की पुष्टि होने से स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ प्रशासन में भी हडक़ंप मच गया और सोमवार के बाद मंगलवार को भी स्कूल के सभी स्टूडेंट्स व शिक्षकों व अन्य स्टाफ की कोरोना जांच की गई। अभी तक स्कूल के किचन में कार्य करने वाले और एक वार्डन के संक्रमित होने की जानकारी मिली है और बाकी सभी बच्चे हैं।
कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद स्कूल परिसर में भी आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। सभी संक्रमितों का स्वास्थ्य फिलहाल स्थिर है और सभी चिकित्सकों की निगरानी में हैं। स्कूल परिसर में तैयार आइसोलेशन वार्ड में तीन शिफ्ट में चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सरायपाली बीएमओ डॉ.बीबी कोसरिया ने बताया कि जुलाई माह में ही कुछ संक्रमितों के मिलने के बाद तहसीलदार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए आवेदन दिया गया है। सभी संक्रमितों का इलाज और कोरोना की जांच क्षेत्र में निरंतर की जा रही है। सभी स्टूडेंट्स का स्वास्थ्य स्थिर है।
सिर्फ एक स्टूडेंट अस्थमा का मरीज भी है, जिसे एहतियात के तौर पर रायपुर रेफर किया गया है।