महासमुन्द
इस बार यदि अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर गए तो सीधे मांग पूरी होने के बाद ही लौटेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अगस्त। सरकारी कार्यालयों के ताले 9 दिन बाद खुले और अधिकारी-कर्मचारी अपने काम में लग गए हैं। कल सुबह 10 बजे से ही कार्यालयों में चहल-पहल देखे गए। सुबह से सरकारी दफ्तरों में काम-काज शुरू हुआ। लेकिन पता चला है कि इन दफ्तरो ंमें एक बार फिर से ताला लटकने वाला है। लोग आपस में बातें करते दिख रहे हैं कि यदि आप हड़ताल के दौरान अपना जरूरी काम नहीं करा पाएं हैं, तो उसे 22 अगस्त से पहले पहले पूरा करा लें। क्योंकि सरकारी कामकाज एक बार फिर से प्रभावित होने वाला है। इस बार यदि अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर गए तो सीधे मांग पूरी होने के बाद ही लौटेंगे।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भी आगामी 22अगगस्त से फिर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इन्होंने कहा है कि अबकी बार जब तक केंद्र के समान 34 प्रतिशत डीए व सातवें वेतन के आधार पर एचआरए नहीं मिलेगा, अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल चलता ही रहेगा। अधिकारियों की मानें तो बीते हड़ताल के समय में लोगों के जो काम समय पर होने थे, वो नहीं हुए।
उनकी हड़ताल की वजह से जमीन की रजिस्ट्री पर खासा असर पड़ा है। प्रतिदिन जिले में 25 से 30 जमीनों की रजिस्ट्री होती थी, लेकिन हड़ताल की वजह से ये रजिस्ट्री समय पर नहीं हो पाई। हालांकि इससे राजस्व को नुकसान नहीं होगा, क्योंकि दफ्तर खुलने के बाद लोग जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंच ही रहे हैं। अब ऐसे लोगोंं की संख्या पहले की दोगुनी हो गई है। पुराने व नए लोग स्लॉट लेकर दफ्तर पहुंच रहे हैं।