महासमुन्द
कैंसर का उपचार शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अगस्त। शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद में आंकोलॉजिस्ट ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। कहा जा रहा है कि अब जिलेवासियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कैंसर के उपचार की सुविधा सोमवार से मिलने लगेगी। हालांकि रेडिएशन थेरेपी की मशीनें फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कीमोथेरेपी से ही उपचार की शुरुआत होगी।
गौरतलब है कि बीते 29 जुलाई को ही महासमुंद मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन ने 100 सीटों पर मान्यता प्रदान की है। यहां मेडिकल की पढ़ाई तो होगी ही साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इलाज के लिए सेवाएं भी मिलेंगी। इसी साल जून माह में 1 आंकोलाजिस्ट ने सीनियर रेसिडेंट के पद पर ज्वॉइन किया है और अब कैंसर के मरीजों को महासमुंद में ही लाभ मिल पाएगा। महासमुंद जिले से बड़ी संख्या में कैंसर रोगी रूटीन कीमोथैरेपी के लिए रायपुर के शासकीय और निजी अस्पतालों में जाते हैं। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता है। महासमुंद मेडिकल कॉलेज में नए विशेषज्ञ के होने से जिलेवासियों को इसका काफी लाभ होगा।
आंकोलॉजिस्ट डा. आलोक देवांगन ने बताया कि यहां रेडिएशन की मशीनें व अन्य सुविधाएं नहीं हैं। ऐसे में कीमोथेरेपी के साथ कैंसर रोग के उपचार की शुरुआत कर सकते हैं। साथ ही कुछ विशेष केस में सर्जरी करने की आवश्यकता हो तो मेडिकल कॉलेज में ही विशेषज्ञ सर्जन हैं, जिससे जिलेवासियों को लाभ मिल पाएगा। इसके अलावा विशेष परिस्थिति में रायपुर जाने पर भी यहां से समन्वय स्थापित किया जाएगा. ताकि लोगों को सुविधाएं मिल सके।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज की डीन डा.यास्मिन खान ने कहा कि हम एक ही परिसर में सभी स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को प्रदान करने के लिए कार्यरत हैं। आगे भी धीरे-धीरे सुविधाओं में विस्तार करेंगे।
जिलेवासियों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास है।मालूम हो कि कैंसर रोगियों को कीमोथेरेपी के लिए रायपुर जाने से काफी परेशानियां होती है। महासमुंद से रायपुर आने-जाने में पैसों के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक परेशानियां होती हैं। रायपुर में मेकाहारा के कैंसर अस्पताल, डीकेएस और एम्स में रोजाना बड़ी संख्या में कैंसर रोगी पहुंचते हैं और इलाज के लिए लंबी वेटिंग होती है। ऐसे में महासमुंद में ही कीमो की सुविधा से लोगों को लाभ होगा।