महासमुन्द

श्रेय लेने की होड़ के बीच जनप्रतिनिधियों के समर्थकों ने रैली निकाली, मिठाईयां बांटी
31-Jul-2022 4:11 PM
श्रेय लेने की होड़ के बीच जनप्रतिनिधियों के समर्थकों ने रैली निकाली, मिठाईयां बांटी

ममेका को 100 एमबीबीएस की सीट के लिए मान्यता मिलते ही जिले में खुशी का माहौल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई।
शुक्रवार देर रात नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद (ममेका) को 100 एमबीबीएस की सीट के लिए  मान्यता देते ही जिले में खुशी का माहौल है। इसके लिए पहले तो सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी पूरी सक्रियता दिखाई थी।

अब विधायक व सांसद के समर्थक इसका श्रेय ले रहे हैं। कल शनिवार को सुबह से ही विधायक व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की मान्यता मिलने पर हर्ष जताने लोग पहुंचते रहे। दूसरी ओर सांसद चुन्नीलाल साहू के कार्यालय में भी उनके समर्थकों और  लोगों के मुलाकात का क्रम चलता रहा।

महासमुंद में मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने व दो साल के अथक प्रयास से नेशनल मेडिकल कमीशन से 100 सीटों के लिए मान्यता मिलने पर कल शनिवार को विनोद चंद्राकर फैंस क्लब ने शहर में बाजे गाजे के साथ रैली निकाली। बाद इसके संसदीय निवास पहुंचकर संसदीय  सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर का आभार जताया। इस दौरान पार्षद बबलू हरपाल, दीपक ठाकुर, सूरज नायक, बबलू महानंद, दीपक चंद्राकर, किनारी नायक, धर्मों नायक, कुरकुटा सोनवानी, सायबो नायक, गोकुल तांडी, कपिल दीप, दुर्बल कुमार, अजीत बाघ, अशीष चंद्राकर, सालेन चंद्रकेस, नागेश सोनकर, चमन छुरा, संजू कुमार आदि मौजूद रहे।

जिला मुख्यालय स्थित सांसद चुन्नीलाल साहू के कार्यालय में भी सुबह से ही कॉलेज की मान्यता के चलते जश्न का माहौल रहा। सांसद चुन्नीलाल साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख भाई मांडविया से मिलकर कॉलेज की मान्यता के संबंध में चर्चा की थी। मान्यता मिलने से क्षेत्र में  स्वास्थ्य सुविधाओं में हुए इजाफा के लिए सभी ने हर्ष जताया। कार्यालय में सांसद चुन्नीलाल साहू का भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आतिशबाजी के साथ फूल-माला के साथ उनका स्वागत किया और मुंह मीठा कराया। इस दौरान सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू, सांसद प्रतिनिधि पवन साहू, पार्षद देवीचंद राठी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कौशिल्या बंसल आदि उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट