महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। महासमुंद पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट व कोडीन युक्त सिरप के साथ 1 अन्तरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट व सिरप जब्त किया है। आरोपी न्यू रामेश मेडिकल स्टोर्स ग्राम हाथीबांधा जिला भवानीपट्टनम ओडिशा का संचालक है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल ने आज दोपहर एक पत्रकारवार्ता में जानकारी दी कि उनके जवान महासमुंद क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट/सिरप की अवैध रूप से खरीदी बिक्री तथा मादक पदार्थ गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की रोकथाम में तैनात थे। कल 29 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच 353 कोमाखान चौकड़ी के पास एक व्यक्ति खड़ा है, पांच-सात कार्टून रखा है, कुछ नशीली दवा रखा है, संदिग्ध लग रहा है एवं कहीं जाने हेतु वाहन का इंतजार कर रहा है।
उक्त सूचना को पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने गंभीरता से लेते हुये सूचना तस्दीक के लिए सायबर सेल टीम एवं थाना प्रभारी कोमाखान की एक टीम तैयार कर कार्रवाई करने निर्देशित किया। सायबर सेल टीम एवं थाना कोमाखान पुलिस टीम ने योजना तैयार कर घटनास्थल पहुंच कोमाखान चौखड़ी की घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेखर मेहेर (33) गम्भारीगुड़ा थाना सिनापाली जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) निवासी होना बताया। आरोपी ने बताया कि न्यू रामेश मेडिकल स्टोर्स हाथीबांधा जिला भवानीपट्टनम ओडिशा में उसका स्वयं का दवाई दुकान है। पास रखे कार्टूनों के संबंध में पूछताछ में उसने खुद को मेडिकल एजेंसी में भी काम करना बताया।
कार्टूनों को खोलकर चेक किया तो 5 खाकी कार्टून में नशीली सिरप एवं 2 कार्टून में नशीली टेबलेट भरे मिले। पूछताछ में उसे वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, लेकिन संबंधित कोई भी दस्तावेज उनके पास नहीं थे। पास कोई भी वैधानिक दस्तावेज
उक्त नशीली दवाईओं को आरोपी ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ में बिक्री करने हेतु लाना बताया। संदेही शेखर मेहेर के पास उपरोक्त नशीली दवाईओं का कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं था। आरोपी के कब्जे से जुमला कीमती करीबन 3 लाख 63 हजार,810 रुपए बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि उक्त नशीली दवाओं की कीमत कालाबाजार में करीब 20 लाख रुपए से भी अधिक है। आरोपी को मौके पर से गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 100/22 धारा 21 नारकोटिक्स एक्ट के तहत् कार्यवाही किया गया। आरोपी से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं सिरप कहां से लाया गया है। इस संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पास मिले सबूत के आधार पर अब तक वह 50 लाख रुपए से भी अधिक कीमत की नशीली दवाईयों का व्यापार कर चुका है।