महासमुन्द

हरेली की धूम, पूजा-अर्चना, बच्चों ने गेड़ी का लिया आनंद
28-Jul-2022 5:06 PM
हरेली की धूम, पूजा-अर्चना, बच्चों ने गेड़ी का लिया आनंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जुलाई।
आज महासमुंद जिले में लोक पर्व हरेली उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज सुबह से ही घरों के दरवाजे पर नीम की डाल खोंचकर इस पर्व की शुरूआत हुई है। गांवों में अधिकांश किसानों ने अपने कृषि औजारों की पूजा की है और गायों को जलजनित बीमारियों से बचाने गेहूं आटा के साथ बनगोंदली और दशमूल की जड़ों की लोंदी खिलाई है।

आज बिहान होते ही पहटिया गाय-बैलों को कोठा से निकाल कर दैहान तक ले गया। वहां मवेशियों के लिए तैयार लोंदी खिलाई गई। किसान अरंड या खम्हार के पत्ते में खड़ा नमक की पोटली के साथ थोड़ा सा चावल-दाल लेकर दैहान में आते हैं।
इसके अलावा राऊत और बैगा नीम की डाली सभी के घरों के दरवाजे पर टांगते हैं एवं द्वार पर कील गाड़ देते हैं। कहीं कहीं पर भेलवा की पत्तियां भी भरपूर फ़सल होने की प्रार्थना स्वरुप लगाई जाती हैं। गांवों में हरेली तिहार पर कृषि देवता को दिन चीला चढ़ाने की परंपरा है। गांव के बच्चे गेड़ी में चढ़ते हैं। गेड़ी में बांस के पायदान होते हैं।

बदलते समय के साथ अब गांव में भी गेड़ी का चलन कम हो गया। दोपहर खेल कूद के लिए ग्रामीण मैदान में एकत्रित होते हैं।
 


अन्य पोस्ट