महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई। समय सीमा में चाही गई सूचना दस्तावेज आवेदक को प्रदाय नही करना जनसूचना अधिकारी को मंहगा पडा। हद तो तब हो गई जब सुनवाई में जनसूचना अधिकारी ने सूचना आयोग को भी भ्रमित करने का प्रयास किया। छग राज्य सूचना आयोग ने रमेश कुमार चौहान सचिव ग्राम पंचायत मुनगाडीह के वेतन से 25,000 रूपये वसूल करके जमा करने और सेवा शर्ते के अनुसार जांच करके अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का आदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत मुनगाडीह जपं बसना से 04 सितम्बर 2020 को सूचना आवेदन लगाकर अंकेक्षण प्रतिवेदन दस्तावेज की मांग किया। समय सीमा में सूचना उपलब्ध नही कराने पर आवेदक ने 02 नवम्बर 2020 को सीईओ जनपद पंचायत बसना में प्रथम अपील किया। प्रथम अपीलीय अधिकारी ने 10 दिसम्बर 2020 को प्रथम अपील आदेश पारित करके आवेदक को नि:शुल्क सूचना दस्तावेज उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
जनसूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी के द्वारा सूचना दस्तावेज उपलब्ध नही कराने पर आवेदक ने छत्तीसगढ राज्य सूचना आयोग में दिनांक 02 मार्च 2021 को द्वितीय अपील दायर किया। मुख्य सूचना आयुक्त एम. के. राउत ने उक्त प्रकरण में दिनांक 14 जुलाई 2022 को सुनवाई में पाया कि अपीलार्थी को समयसीमा में सूचना उपलब्ध नही कराया गया। जो सूचना का अधिकार अधिनियम 07(1) के विपरीत है। इसलिए धारा 20(1) के तहत पच्चीस हजार रूपये का जुर्माना कराने का आदेश पारित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना को 25,000 जुर्माना राशि जनसूचना अधिकारी रमेश कुमार चौहान के वेतन से वसूल करके नियमानुसार शासकीय कोष में जमा कराये जाने हेतु निर्देशित किया है।
सूचना आयोग में सुनवाई के दौरान सचिव रमेश चौहान ने बताया कि वह मोटर सायकल में दुर्घटना हो जाने के कारण आवेदक को सूचना दस्तावेज समय सीमा में नही दे पाया है। आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने इसमें आपत्ति किया। अपीलार्थी ने लिखित साक्ष्य प्रस्तुत किया कि सचिव रमेश कुमार चौहान ने किसी भी प्रकार का चिकित्सा अवकाश नही लिया है, वह पंचायत कार्य कर रहा था।
मुख्य सूचना आयुक्त ने इस आपत्ति को गंभीरता से लिया। साक्ष्य को अवलोकन करने के बाद धारा 20(2) के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुन्द को अनुशंसा किया। इस प्रकरण में तत्कालीन जनसूचना अधिकारी रमेश कुमार चौहान सचिव ग्राम पंचायत मुनगाडीह के विरूद्ध जांच कर दोषी पाये जाने पर नियमानुसार सेवा शर्तो के अधीन अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जायें।