महासमुन्द

एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड जरूर बना लेकिन लक्ष्य के विपरीत मात्र 25 फीसदी लोगों को ही लगा
25-Jul-2022 4:02 PM
एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड जरूर बना लेकिन लक्ष्य के विपरीत मात्र 25 फीसदी लोगों को ही लगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई।
महासमुंद जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को पुराने अनुभवों के आधार पर 24 जुलाई को पूरे दिन 1 लाख लोगों को  कोरोना वैक्सीन के प्रिकॉशन डोज व अन्य डोज लगाने का लक्ष्य दिया था। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 439 सेंटर्स बनाए भी लेकिन वैक्सीन पर्याप्त  मात्रा में उपलब्ध न होने से लक्ष्य के 25 फीसदी लोगों को ही टीका लग पाया। हालांकि जिले में रविवार को एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड जरूर बना।

इस अभियान के तहत रविवार को 26931 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इससे पहले तक जिले में लगभग एक दिन में  15 हजार तक के वैक्सीनेशन किए गए थे। मालूम हो कि जिले में 7.20 लाख लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाया जाना है, जिनमें से अधिकांश को पहली और दूसरी डोज कोविशील्ड की ही लगी है। ऐसे में प्रिकॉशन डोज के लिए कोविशील्ड की अधिक मात्रा की आवश्यकता थी। लेकिन जिले  में पर्याप्त मात्रा में कोविशील्ड उपलब्ध नहीं हो पाई। लगभग 33 हजार कोविशील्ड के साथ ही अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के लिए गरियाबंद जिले से कोविशील्ड टीका मंगाया गया। लेकिन वहां से भी पर्याप्त मात्रा में कोविशील्ड नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक गरियाबंद से लगभग 8 हजार डोज मिल पाई। जिसे दोपहर में केंद्रों पर पहुंचाया गया।

अधिकारियों की मानें तो ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इन दिनों खेती के कार्यों में जुटे हैं, जिसके कारण वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत थोड़ी धीमी ही रही। हालांकि दोपहर बाद लोग टीकाकरण सेंटर पहुंचते रहे और गांव की मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने भी घर-घर दस्तक देकर लोगों को प्रिकॉशन डोज के लिए बुलाया। पिथौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जंघोरा के आश्रित ग्राम डिघेपुर में जिले से 300 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला, जिसके विपरित यहां 600 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
 


अन्य पोस्ट