महासमुन्द
महासमुंद, 24 जुलाई। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद चुन्नीलाल साहू ने मानसून सत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 तथा 353 में बाईपास निर्माण से संबंधी सवाल सदन में रखा। सांसद श्री साहू ने सदन में सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री से पूछा कि क्या केन्द्र सरकार को छत्तीसगढ़ राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 तथा 353 पर बाईपास के निर्माण हेतु राज्य सरकार से कोई प्रस्ताव प्राप्त हुआ है? यदि हां तो तत्संबंधी ब्यौरा तथा वर्तमान स्थिति क्या है, क्या सरकार द्वारा इस प्रयोजनार्थ आवश्यक भूमि अधिगृहित कर ली गई है, तत्संबंधी ब्यौरा क्या है, उक्त बाईपास के निर्माण की अनुमानित लागत कितनी है, कार्य कब तक पूरा कर लिए जाने का प्रस्ताव है, बताने की कृपा करें।
उक्त सवालों का जवाब देते हुये विभागीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर बेमेतरा का निर्माण छत्तीसगढ़ राज्य के लिए वार्षिक योजना 2022-23 में शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर कवर्धा बाईपास औरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 353 पर महासमुंद बाईपास और बागबाहरा बाईपास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए परामर्शदाता की नियुक्ति का प्रावधान भी छत्तीसगढ़ राज्य के लिए वार्षिक योजना 2022-23 में शामिल किया गया है। बाईपास के लिये परियोजना की तैयारी के लिए परामर्शदाता की नियुक्ति की तैयारी छत्तीसगढ़ के राज्य पीडब्ल्युडी द्वारा की जा रही है। राज्य पीडब्ल्युडी से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद स्वीकृति के लिए विचार किया जायेगा।