महासमुन्द

बम्हनी के भुवनेश्वर महादेव का 7 लीटर भांग से जलाभिषेक
19-Jul-2022 3:25 PM
बम्हनी के भुवनेश्वर महादेव का 7 लीटर भांग से जलाभिषेक

शिवालयों में शाम तक चला जलाभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जुलाई।
सावन माह के पहले सोमवार पर भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में सुबह से शाम तक भक्तों की  भीड़ रही। सिरपुर के गंधेश्वर महादेव मंदिर में कांवर यात्रियों ने जलाभिषेक किया और बेल पत्र के साथ दूध-दही अर्पित किए। गंधेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रविवार देर शाम सिरपुर पहुंचे कांवरियों ने कल अलसुबह नदी में स्नान के बाद कतार से खड़े हुए और सभी ने एक-एक कर जलाभिषेक किया।

महासमुंद के नजदीक स्थित बम्हनी के भुवनेश्वर महादेव का 7 लीटर भांग से जलाभिषेक किया गया। यहां सावन माह में प्रत्येक सोमवार को अलग-अलग विधियों से अभिषेक किया जा रहा है। आने वाले सोमवार में गंगाजल, कपूर, दूध से भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा। यहां श्वेत गंगा की प्रतिदिन संध्या 7 बजे गंगा आरती भी की जा रही है। बाढ़ और पानी के बावजूद रविवार को गंगा आरती करने युवराज दुबे, यादूराम साहू, नारायण साहू, परदेशी राम, जीवन लाल साहू, भुवन साहू आदि ने गंगा की आरती की।

जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव दलदली, कनेकेरा, बम्हनी और अन्य शिव मंदिरों में सुबह से जलाभिषेक का सिलसिला शुरु हुआ, जो दिनभर जारी रहा। मंदिर पहुंच भक्तों ने विधिवत पूजा.अर्चना की। पहला सोमवार बीतने के बाद अब तीन सोमवार ही शेष हैं।
 


अन्य पोस्ट