महासमुन्द
महासमुंद, 17 जुलाई। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम खोखेपुर में मध्याह्न भोजन की बात को लेकर समिति के सदस्य व जनप्रतनिधि के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक दूसरे की पिटाई करते हुए जाने से मारने की धमकी दे डाली। मध्याह्न भोजन समिति के सदस्य अंगद डड़सेना की रिपोर्ट पर पुलिस ने मिडिल स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक बिरंची भोई, गांव के विभीषण डड़सेना व धरमसिंह भोई व विभीषण डड़सेना की रिपोर्ट पर अंगद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
समिति के सदस्य ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि स्कूल के प्रधान पाठक शिव प्रसाद सिदार ने फोन कर बताया कि गांव का धरम सिंह व विभीषण स्कूल के मध्याह्न भोजन की रसोई में घुसकर भोजन की मात्रा अधिक है कहकर विवाद कर रहे हंै और अंगद डड़सेना को बुलाओं कह रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद भी नहीं गया, लेकिन ये दोनों प्रधानपाठक को परेशान कर रहे थे। दोनों शराब के नशे में धुत्त थे। ये लोग मिडिल स्कूल के प्राचार्य बिरंची भोई के साथ शराब पीकर वाद-विवाद कर रहे थे।
अंत में प्रधानपाठक के दोबारा बुलाने पर स्कूल पहुंचा तो मिडिल स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक बिरंची भोई के साथ गांव का धरमसिंह एवं विभीषण डडसेना खड़ा था। स्कूल पहुंचते ही धरमसिंह व विभीषण ने पिटाई करते हुए ईंट से सिर में मारकर चोट पहुंचाया। खून से लथपथ हो गया और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। उसके सिर में 9 टांके लगे हैं।