महासमुन्द

देखें VIDEO : आफत की बारिश: शहर के कई इलाकों में भरा पानी, बाढ़ जैसे हालात, गांवों की स्थिति खराब
17-Jul-2022 1:20 PM
देखें VIDEO :  आफत की बारिश: शहर के कई इलाकों में भरा पानी, बाढ़ जैसे हालात, गांवों की स्थिति खराब

  लोगों को सावधानी बरतने की अपील   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 जुलाई।
जिले में लगातार बारिश से रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में पानी भर गया। यही नहीं जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे बरसाती नालों में पानी का तेज बहाव होने के कारण कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। लगातार हो रही बारिश से शहर के त्रिमूर्ति कॉलोनी, सुभाष नगर, नयापारा, दलदली एवं रमन टोला में सडक़ों पर पानी भर गया। इसके चलते इन क्षेत्रों के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों की मानें तो बड़े नालों व नालियों की बारिश के पहले सफाई नहीं होने के कारण शहर में यह स्थिति निर्मित हुई है। त्रिमूर्ति कॉलोनी में चारों ओर पानी ही पानी भर गया है।

बीती रात लगातार बारिश से आज सुबह तक जिला मुख्यालय से रायुपर जाने वाली नेशनल हाइवे में बाढ़ जैसा नजारा दिखा। जिले के खेत, गांव सब पानी से तर बतर है। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। आज सुबह राहगीरों ने यह फोटो छत्तीसगढ़ को आज सुबह मुहैया कराई है। स्थिति की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने जिले के लोगों से नदी-नालों एवं पुराने पुल-पुलियों को पार करते समय एहतियात बरतने की अपील जारी की है। उन्होंने कहा है कि घटना की जानकारी होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दें। उन्होंने कहा है कि बाढ़ की संभावना को देखते हुए पालतू जानवरों को पहले से ही सुरक्षित तथा ऊंचे स्थानों पर भेज दें या जल स्तरबढ़ रहा हो तो उन्हें खुला छोड़ दें।

मालूम हो कि जिले में बाढ़ से होने वाली जनहानि और धनहानि को रोकने के मकसद से जिला स्तर पर तैयारियां पिछले जून से शुरू हो गई है। मानसून के चलते कल रात को भारी बारिश संभावित अतिवृष्टि, नदी-नालों के उफान तथा बाढ़ की स्थिति निर्मित होने की  वजह से लोगों की जान की सुरक्षा के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता एवं तत्काल राहत पहुंचने के निर्देश दिए।

रात भर भारी बारिश के बाद जिले की स्थिति का जायजा लेते हुए कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने शहर या गांव में बाढ़ की संभावना और विगत वर्ष में बाढ़ के सबसे उच्च स्तरों को जानें। अपनी बहुमूल्य वस्तुओं और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखें। अपने नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य तथा सहायता केन्द्र की जानकारी रखें। आपातकालीन किट तैयार करें, जिसमें सूखा खाद्य पदार्थ, पेयजल, आवश्यक दवाएं, रेडियों, टॉर्च, जरूरी कागजात, आपात दूरभाष नम्बर सूची, मोमबत्ती, माचिस, रस्सी आदि शामिल हों तथा इन्हें उपयोग हेतु चालू हालत में रखें।

उन्होंने कहा है कि बाढ़ की संभावना को देखते हुए पालतू जानवरों को पहले से ही सुरक्षित तथा ऊंचे स्थानों पर भेज दें या जल स्तरबढ़ रहा हो, तो उन्हें खुला छोड़ दें। बाढ़ की चेतावनी मिलने पर उसका पालन करें। अपने पड़ोसियों को सूचित करें तथा सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर चलें जाएं। यदि स्थान छोड़ रहे हैं, तो अपने साथ आपाकालीन किट जरूर ले जाएं। घर छोडऩे से पहले बिजली का मुख्य स्विच, गैस और पानी के नलों को बंद कर दें एवं मित्रों व रिश्तेदारों को अपने प्रस्थान की जानकारी दें।

पुलिस और दमकल अधिकारियों के अनुदेशों का पालन करें व उन्हें सहयोग दें। उबाला हुआ या क्लोरीन की टेबलेट से साफ किया हुआ पानी पियें। सांप, विषधर जंतुओं से बचकर रहें।  कलेक्टर ने कहा है कि बाढ़ का पानी न पियें और न ही उससे भोजन पकाएं। बाढ़ के पानी के सम्पर्क में आया हुआ खाद्य पदार्थ न खायें। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में न जाएं तथा गाड़ी चलाने से बचें। मदद के बिना बाढ़ के पानी में न जाएं। बच्चों को बाढ़ के पानी के पास खेलने ना दें। उन बिजली उपकरणों का प्रयोग न करें, जो बाढ़ के पानी में भीगे हों। अफवाहें न फैलायें और न ही उन पर ध्यान दें।

महासमुंद में निचली बस्ती मे पानी भर गया था जिसके निकासी की व्यवस्था की जा रही है। एक मकान पूर्ण क्षतिग्रस्त हुई है। क्षतिग्रस्त मकान के निवासियों को रैनबसेरा में ठहराया गया है। जनहानि नहीं हुई है।
   

तहसील बागबाहरा में अभी तक किसी प्रकार की मकान क्षति, पशुक्षति एवं जनहानि नहीं हुआ है। वही तहसील बसना अंतर्गत बारिश से 1 मकान आंशिक क्षति की जानकारी  है । इसी प्रकार पिथौरा तहसील में अभी तक किसी प्रकार की मकान क्षति, पशुक्षति एवं जनहानि नहीं  है। कलेक्टर सतत नजऱ बनाए हुए पल-पल जानकारी ले रहे हैं।

 

 


अन्य पोस्ट