महासमुन्द
महासमुंद, 16 जुलाई। जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने बताया है कि जिले के दो गोठानों में गौमूत्र की खरीदी 20 जुलाई से की जाएगी। इसकी शुरुआत जिले की दो गोठानों बम्हनी और बडग़ांव से होगी। इसके लिए सभी जरूरी तैयारी और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पशुपालकों को काफी फायदा होगा।
जिले के पशु चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि जिले में लगभग 16 हजार से ज्यादा गोठानों में मवेशी पंजीकृत हैं। बिरकोनी में 1384 गौवंशी और बडग़ांव में 983 पशु हैं। उन्होंने बताया कि गौमूत्र में पाए जाने वाला यूरिया बहुत से कीटों और बीमारियों को नियंत्रित करता है।
गौमूत्र गौठान समिति के जरिए खरीदा जाएगा। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार गौमूत्र में बॉयो फर्टिलाइजर और बॉयो इंसेक्टिसाइड तैयार किए जाते हैं। गौमूत्र में यूरिया सहित अनेक मिनरल और एन्जाइम्स भी होते हैं। फर्टिलाइजर के रूप में गौमूत्र इस्तेमाल से पौधों की ऊंचाई और जड़ में अच्छी वृद्धि होती है। मिट्टी में भी लाभकारी जीवाणु में वृद्धि होती है। गौमूत्र का इस्तेमाल जैविक कीटनाशक बनाने में किया जाएगा। राज्य में कई जगहों पर जैव कीटनाशक पहले से बनाए जा रहे हैं। लेकिन अब इसे संगठित रूप दिया जा रहा है। गौमूत्र की खरीदी से पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और उनकी आर्थिक स्थिति भी और बेहतर होगी। सरकार के इस कदम से गायों की बेहतर सुरक्षा होगी।