महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुलाई। भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री रवि भगत ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समाज की अस्मिता की आवाज हैं। उनके राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने से सर्वसमाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के सेवाभाव की प्रतीक मुर्मू राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दूरगामी फैसले का जनजाति गौरव समाज की ओर से स्वागत करते है।
भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में 32 प्रतिशत जनजाति समुदाय की आबादी है। इसलिए भी हमारे लिए यह पल सदैव स्मरणीय होगा कि वे देश के सबसे बड़े पर पद पर बैठने वाली पहली जनजाति महिला होंगी। देश की आजादी के बाद यह पहली बार इस तरह का फैसला लिया गया है। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। इसके साथ ही ओडिशा प्रदेश सरकार में मंत्री व संगठन के कई दायित्वों निभाते हुए समग्र समाज के हित के लिए सदैव कार्य करती रही हैं। देश में 12 करोड़ से ज्यादा जनजाति समाज की आबादी है। मुर्मू के राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित होने के बाद से ही आदिवासी समाज का हर व्यक्ति खुश है। पत्रकारवार्ता के दौरान चंद्रहास चंद्राकर, ऐतराम साहू, प्रशांत श्रीवास्तव सहित भाजयुमो के कार्यकर्ता मौजूद थे।