महासमुन्द
महासमुंद, 14 जुलाई। महासमुंद जिले के सभी पांचों ब्लाक में 312 बालवाड़ी केंद्र शुरू किए गए है जहां लगभग 3500 से ज़्यादा बच्चे खेल गतिविधियों से पढऩा लिखना सीख रहे हैं। विभागीय अधिकारी ने बताया कि जिले में सबसे अधिक बालवाड़ी केंद्र पिथौरा ब्लाक में 75 और सबसे कम 48 सरायपाली में स्थापित है। वही बसना में 74, बागबाहरा में 48 और महासमुंद ब्लाक में 53 बालवाड़ी केंद्र संचालित है। जहां 5 से 6 आयु वर्ग के बच्चों को केंद्रों में स्कूल की तरह ही खेल आधारित गतिविधियों के जरिए सीखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के अंतर्गत पांच से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए ऐसे स्थानों पर बालवाड़ी स्थापित किए गए जहां आंगनबाड़ी और प्राइमरी स्कूल एक ही परिसर में है या आसपास है। प्राइमरी स्कूल के शिक्षक ही पास के लगे आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर या स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे हैं। इनमें पांच से छह साल तक के बच्चों को दाखिला देकर उनके बौद्धिक विकास के लिए काम किया जा रहा है।
महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के करनापाली प्राथमिक विद्यालय में संचालित बालवाडी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे बच्चों को खेल गतिविधियों के साथ पढ़ाया जा रहा है। इनमें प्रभारी प्राचार्य वीरेंद्र कुमार कर, केंद्र प्रमुख गिरधर साहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुलोचना पटेल महती भूमिका निभा रहे हंै। ये बच्चे स्कूली बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन भी करते हंै। साथ ही गांव वालों का पूरा सहयोग भी मिल रहा है। इस स्कूल में 16 बच्चे हंै।