महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 जून। राजधानी स्थित वॉच शॉप के सेल्समेन व चालक के साथ हुई दिन दहाड़े लूट के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात लुटेरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पतासाजी शुरू कर दी है। यह घटना बुधवार दोपहर दो बजे एमके बाहरा व खल्लारी के मध्य की है। पुलिस को जब इस घटना की जानकारी हुई तो वह दिनभर इस मामले की जांच में जुटी रही। पुलिस को इस मामले में भरोसा नहीं हो रहा था। लेकिन अंत में पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज की है।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव का कहना है कि आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। इस मामले का प्रार्थी वाहन चालक सेमरिया थाना विधानसभा रायपुर निवासी लक्ष्मीनारायण देवांगन पिता भोलाराम देवांगन राजधानी स्थित विजय वॉच में सेल्समेन का काम करता है। कार क्रमांक सीजी 04 एचए 8762 में चालक संतोष साहू के साथ राजिम, गरियाबंद, देवभोग, भवानीपटनम, बरगढ़, बलांगीर से कलेक्शन व मार्केटिंग करते हुए 21 जून रात को खरियार रोड पहुंचा। यहां लॉज में रुककर दूसरे दिन 22 को खरियार रोड में मार्केटिंग व सेल्स कलेक्शन का काम कर करीबन 11 बजे बागबाहरा जाने के लिए निकला था।
वे बागबाहरा में जनता वाच सेंटर में भी मार्केटिंग व कलेक्शन कर रायपुर के लिए रवाना हुए थे। एमके बाहरा व खल्लारी के बीच मार्ग में लुटेरों ने घटना को अंजाम देते हुए रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में कलेक्शन का रकम 8.92 लाख रुपए, रसीद, लेजर बुक रखा था। बैग में अलग-अलग 500 और 100 रुपए के बंडल बनाकर रखा था, जिसमें 500 का 15 बंडल कुल 7.50 लाख, 200 का 2 बंडल कुल 40 हजार, 100 का 5 बंडल कुल 50 हजार एवं 2000 का 6 नोट 12 हजार तथा चिल्हर करीबन 40 हजार रुपए कुल रकम 8.92 लाख रुपए था। े