महासमुन्द
जन चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे
महासमुंद, 22 जून। मुनगासेर के आश्रित ग्राम गुड़ेलाभाठा में सीमा विवाद के चलते पानी टंकी निर्माण में दिक्कत आ रही है। कल मंगलवार को आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में ग्रमाीण कलेक्टोरेट पहुंचे थे। जहां ग्रामीणों ने कलेक्टर को सीमा विवाद समाप्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग द्वारा किए गए सीमाकंन में मनमर्जी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नई टीम गठित कर फिर से सीमाकंन कराए जाने की मांग की है।
जनचौपाल में शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने सौंपे ज्ञापन में कहा है कि.विगत 9 जून को उनकी मांग पर गठित 7 सदस्यीय टीम की मौजूदगी में राजस्व विभाग से सीमाकंन के लिए पहुंची टीम ने सीमांकन के लिए चांदे का उपयोग नहीं किया। गठित टीम द्वारा चांदे से सीमांकन किए जाने की अपील के बाद भी टीम ने अपनी मर्जी से सीमांकन किया। टीम बीच में ही सीमाकंन छोडक़र चली गई।
ग्रामीणों का कहना है कि सीमांकन के लिए फिर से नई टीम गठित कर भेजी जाए और नियमानुसार गांव की सीमा का सीमांकन किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सीमांकन के दौरान सरपंच-पंच भी मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मुनगासेर का आश्रित ग्राम गुड़ेलाभांठा है। गांव के लिए पानी टंकी निर्माण की स्वीकृति मिली है जिसे लेकर उक्त दोनों गांव के ग्रामीणों के बीच जमीन विवाद चल रहा है।
शिकायतकर्ता ग्रामीणों का कहना है कि आश्रित गांव के लिए जिस जगह पर टंकी निर्माण कराना चाह रहे हैं उससे रास्ता प्रभावित हो जाएगा। इसलिए वे सीमांकन कराने के बाद निर्माण को लेकर अड़े हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान रामनाथ ठाकुर, देवेन्द्र चंद्राकर, यशवंत चंद्राकर, गजानंद साहू, ज्ञान सिंह ठाकुर, नीरा बाई शामिल थे।