महासमुन्द

आत्मानंद विद्यालयों में हिन्दी माध्यम के प्रवेश को रोकने सरकार का आदेश नहीं-कलेक्टर
22-Jun-2022 3:34 PM
आत्मानंद विद्यालयों में हिन्दी माध्यम के प्रवेश को रोकने सरकार का आदेश नहीं-कलेक्टर

हिन्दी माध्यम स्कूल चलता रहेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में कल मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय.सीमा की बैठक हुई।
कलेक्टर ने कहा कि स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में हिन्दी माध्यम के प्रवेश को रोकने का सरकार का कोई आदेश नहीं है। इसके उलट आदेश है कि हिन्दी मीडियम स्कूल चलता रहेगा। जहां अगल से भवन नहीं है वहां उसी भवन में हिदी माध्यम को भी प्रवेश दें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को कहा कि सभी स्कूलों के प्राचार्यों को यह सुनिश्चित करा दें कि हिंदी माध्यम में विद्यार्थियों के प्रवेश लेते रहें।

कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल देख लें कि वहां फर्नीचर, कम्प्यूटर लैब आदि ठीक-ठाक है या नहीं। कुछ कमियां हो तो सप्लाई करने वाली एजेंसी से बदलवाएं। हिन्दी मीडियम और अंग्रेजी मीडियम स्कूल के डेस्क बोर्ड अलग-अलग बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म और पुस्तक वितरण की भी जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि हिन्दी मीडियम स्कूल सुचारू रूप से चलता रहेगा और उनमें दाखिलें भी होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षकों जो स्कूलों में अनुपस्थित पाए जाएं उन पर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कहा कि शाला, आश्रम आदि की व्यवस्था देख लें और खाद बीज की कालाबाजारी को लेकर भी सचेत हो जाएं।

कलेक्टर ने खरीफ  बुआई में खाद बीज की उपलब्धता के संबंध में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व व कृषि अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में जिले में खाद बीज की समस्या ना आए।
ऐसी कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करें कि किसानों को जरूरत के मुताबिक समय पर खाद बीज उपलब्ध हो। कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों के साथ ही जिले के सभी एसडीएम को अमानक बीज-खाद के विक्रय तथा कालाबाजारी की रोकथाम के लिए कृषि आधारित दुकानों का औचक निरीक्षण कर कालाबाजारी में लिप्त दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी न हो यह सुनिश्चित करें। निर्धारित दर पर कृषकों को उर्वरक उपलब्ध कराएं।
 


अन्य पोस्ट