महासमुन्द

शराब की अवैध बिक्री से ग्रामीण परेशान
22-Jun-2022 3:32 PM
शराब की अवैध बिक्री से ग्रामीण परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
विकासखंड बसना के ग्राम पंचायत चनाट के ग्रामीण इन दिनों शराब की अवैध बिक्री से परेशान हंै। गांव में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। इन शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण परेशान है। कई बार कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। अब नाराज ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग कलेक्टर से जनचौपाल में की है।

ग्रामीणों के साथ शिकायत करने पहुुंचीं मां चंद्रहासिनी महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं का आरोप है कि गांव में अवैध शराब का कारोबार जमकर फल-फूल रहा है। पुलिस से शिकायत बाद भी कार्रवाई न होने से कारोबारियों के हौसले बुलंद है। इससे गांव का माहौल तो खराब हो रहा है। बच्चे नशे के आदी हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबारियों का जंगल के पेड़.पौधे व लकड़ी का उपयोग अवैध शराब बनाने के लिए किया जा रहा है। महिलाओं का आरोप है कि उनके द्वारा क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के कारोबार करने वालों का सामान जब्त कर पुलिस को इसकी सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने सिर्फ सामान को ही जब्त किया कारोबार करने वालों के खिलाफ  कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में ममता गहीर, कलाबाई, सिरीजा, सुकमोती, हीराबाई, जमुना सहित अन्य महिलाएं और ग्रामीण शामिल थेे।
 


अन्य पोस्ट