महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून। नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर बहला फुसलाकर भागकर ले जाने और रेप के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर लैगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी निवासी सालिक राम निषाद (22) को पाक्सो एक्ट की धारा 06 के तहत 20 साल सश्रम कारावास व 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर आरोपी को 6 माह का कारावास पृथक से भुगतना होगा। उसे भादसं की धारा 363 के तहत 5 साल का सश्रम कारावास व एक हजार अर्थदंड व धारा 366 के तहत 7 साल का सश्रम कारावास व 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर क्रमश: एक और दो माह का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा। शेष सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
अभियोजन के अनुसार प्रार्थी ने पटेवा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी नाबालिग पुत्री जो कक्षा 9 वीं की छात्रा है, वह 2 मार्च 2020 को प्रात:10 बजे घर पर थी।
वह और उसकी पत्नी काम करने बाहर गए थे। लगभग 1 बजे वापस आए तो उसकी पुत्री घर पर नहीं थी। आरोपी सालिक राम निषाद के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया गया। कथन के आधार पर मामला दर्ज किया गया। अभियोजन की ओर अधिवक्ता सलीम कुरैशी ने पैरवी की।
-------