महासमुन्द
महासमुंद, 21 जून। मानसून आते ही लोगों को मौसमी बीमारी डायरिया से बचाव के लिए जिलेभर में मंगलवार से 5 जुलाई तक गहन डायरिया नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के मार्गदर्शन में चलने वाले अभियान में जन्म से 5 साल तक के बच्चों के घरों की सूची तैयार कर मितानिनें घर-घर भ्रमण करेंगी। हर घर में ओआरएस का पैकेट और जिंक की गोली बांटने के साथ घोल बनाना भी बताएंगी।
सीएमएचओ डा. एसआर बंजारे ने बताया कि अभियान के तहत हर घर में 1 ओरआरएस पैकेट और डायरिया पीडि़त घरों में 2 ओआरएस पैकेट व 14 जिंक की गोली वितरित की जानी है। अभियान में 2 से 6 माह के बच्चे को डायरिया होने पर जिंक की आधी गोली 10 मिग्रा व 6 माह से 5 साल तक के बच्चों को 1 गोली 20 मिग्रा चम्मच में मां का दूध, साफ पानी के साथ 14 दिनों तक दिया जाना है।
डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के तहत जिला स्तर व विकासखंड स्तर पर मॉनिटरिंग टीम द्वारा स्वास्थ्य संस्थाओं, स्कूलों व आंगनबाडिय़ों में मॉनिटरिंग किया जाएगा। साथ ही ओआरएस बनाने की विधि व हाथ धुलाई के बारे में व जिंक के उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। आरबीएसके दलों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में भ्रमण किया जाएगा।