महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जून। महासमुंद जिला जेल प्रशासन द्वारा विचाराधीन बंदियों के लिए रोजाना घंटेभर का योग और मेडिटेशन सेशन आयोजित कर रहा है। इसमें बंदी भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं और रोजाना नियमत: योगाभ्यास और मेडिटेशन कर रहे हैं। इसकी शुरुआत माह भर पहले हुई। योग के साथ-साथ बंदियों को आपराधिक मनोवृत्ति से दूर ले जाने के लिए आध्यात्मिक सेशन भी आयोजित किया जा रहा है।
जेल में योगाभ्यास के जरिए सभी प्रकार के आसन और प्राणायाम किए जा रहे हैं। यह कार्य निरंतर चले इसके लिए भी जेल में योगा ट्रेनर भी तैयार किया जा रहा है। ट्रेनर बनने की राह पर आजीवन कारावास, सश्रम कारावास या सात साल की कैद की सजा पाने वाले कैदी भी शामिल हैं। आगामी समय में भी रोजाना योग की कक्षा निरंतर संचालित हो सके, इसके लिए नए आने वाले बंदियों को भी योग की कक्षा में शामिल किया जा रहा है।
जेल में रोजाना योगाभ्यास के लिए तिलक साव व राजेंद्र वर्मा कार्य कर रहे हैं। जेल प्रशासन द्वारा रोजाना योग के साथ-साथ बंदियों के लिए आध्यात्मिक कक्षा भी सप्ताह में तीन दिन संचालित की जा रही है। बंदियों को आत्म अवलोकन कर सही राह पर लाने के लिए ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा बंदियों के लिए आध्यात्मिक कक्षा संचालित है।
इस संबंध में जिला जेल महासमुंद के जेलर मुकेश कुशवाहा कहते हैं कि जेल के निरुद्ध बंदियों को अपराध से विमुख करने के लिए योगाभ्यास और आध्यात्मिक क्लास की पहल की गई है। इससे पहले भी बंदियों को रोजगार से जोडऩे के लिए वर्मी कंपोस्ट बनाने की शुरुआत की गई थी। योग और ध्यान बंदियों के लिए लाभदायक होगा।