महासमुन्द
महासमुंद, 21 जून। जिला मुख्यालय के ग्राम बरोंडाबाजार स्थित बाल संप्रेषण गृह से तीन नाबालिग को भागे सप्ताहभर बीत गए हैए लेकिन एक भी नाबालिग को पुलिस पता नहीं लगा पाई है। तीनों नाबालिग महासमुंद जिले के रहने वाले हैं। हालांकि पुलिस उनके घर दबिश दे रही है, लेकिन उनका पता नहीं लगा पा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी सिद्धेश्वर प्रताप सिंह का कहना है कि नाबालिगों पर नजर रखी जा रही है। पतासाजी चल रही है। जल्द ही उसे पकडक़र संप्रेषण गृह भेजेंगे।
बता दें कि 14 जून की सुबह तीन अपचारी बालक भवन के सामने लगे चैनल गेट के ताले को चाबी से खोलकर फरार हुए हैं। इसके बाद उक्त घटना की सूचना कोतवाली प्रभारी को दी गई। इस बार बच्चे कर्मचारी की लापरवाही के चलते फरार हुए हैं। रात की ड्यूटी में सैनिक हरिश चक्रधारी व संतोष ठाकुर तैनात थे। वहीं केयर टेकर पितांबर ध्रुव भी साथ में थे।
चाबी बच्चों के पास कैसे आई इसका पता विभाग के अधिकारियों को नहीं है। बाल संप्रेषण गृह से फरार हुए तीन बालक में से एक वार्ड क्रमांक 10 बाजारपारा सरायपाली, दूसरा जिला मुख्यालय के गुड़रुपार बजरंग चौक का रहने वाला है। वहीं तीसरा टांगापासा चौकी भंवरपुर बसना का है। ये तीनों एनडीपीएस चोरी व मारपीट के अपराध में संप्रेषण गृह लाए गए थे।