महासमुन्द
महासमुंद, 21 जून। आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक जैन ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि रात के अंधेरे में रेत खदानों से रेत भंडारण स्थल पहुंच रही है। अकेले महासमुंद जिले में ही डम्पिंग और परिवहन के खेल में रोजाना लाखों की कमाई की जा रही है और प्रशासन आंखे मूंदे हुए है। उन्होंने कहा है कि महासमुंद में नियमानुसार परिवहन बताकर रोजाना लाखों का खेल किया जा रहा है। इस वक्त बारिश के सीजन में 10 जून से 15 अक्टूबर 2022 तक सभी जिले की रेत खदानों को बंद कर दिया गया है। इस अवधि में खदान से रेत का उत्खनन एवं परिवहन पूर्णत: प्रतिबंधित है, लेकिन महासमुंद में यह काम जारी है। उन्होंनेे कहा है कि महासमुंद जिले में कुछ ही स्थानों पर रेत भंडारण की अनुमति खनिज विभाग द्वारा दी गई है।
खदानों पर प्रतिबंध लगने से पहले इन स्थानों पर रेत का भंडारण किया गया है ताकि जरुरतमंद लोग यहां से रेत का उठाव कर सकें और निर्माण कार्य प्रभावित न हो सके। सरकारी शर्त यह है कि भंडारण स्थल में जितना रेत है, उसी का परिवहन किया जा सकता है। खदान से और रेत निकालकर यहां डम्प नहीं किया जा सकता। लेकिन ये सारे नियम कायदे केवल कागजों में है और असलियत में कुछ और है। जिले के बरबसपुर, बडग़ांव खदान से भंडारण केन्द्रों में डम्पिंग और परिवहन का खेल रोजाना खेला जा रहा है।