महासमुन्द
इस भवन में शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल, चखना के पैकेट मिलते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून। बसना ब्लाक के ग्राम पंचायत गिधली में वर्ष 2012-13 में राजीव गांधी लोक सेवा केंद्र का यह भवन पास हुआ था। पूरे 10 वर्ष बीत गए लेकिन भवन अभी भी अधूरा है। अब भी इस भवन में कई तरह के काम बचे हैं। शौचालय का काम भी पूरा नहीं हुआ है और यहां लगाये गए टाइल्स उखडऩे लगे हैं।
इस भवन का यह हाल है कि दीवारों में दरारें आ चुकी है। अधूरे पड़े इस भवन का उपयोग अब शराब प्रेमी कर रहे हैं। राजीव गांधी के नाम से बने इस भवन में खाली शराब की बोतलें और डिस्पोजल, चखना के पैकेट मिलते हैं। मामले में सरपंच का कहना है कि भवन का निर्माण पूर्व कार्यकाल में हुआ है। यह बात सही है कि शौचालय निर्माण का कार्य अधूरा है। बजट के अभाव में काम नहीं हो पा रहा है। बसना ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का कहना है कि भवनों का उपयोग होना चाहिए इसके लिए सरपंच सचिव और अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए। मामले में जनपद सीईओ बसना एमआर यदु ने इसे संज्ञान में लेने की बात कही है।
भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा मनरेगा के कामकाज को आसान करने के लिए वर्ष 2005 में एक महत्वपूर्ण योजना बनाते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र खोलने का निर्णय लिया था। इस भवन का डिजाईन अत्यंत ही आकर्षक बनाया गया था। इस भवन निर्माण के लिए योजना के तहत 10 से 14 लाख रुपए मंजूर किए गए थे। इस योजना का उद्देश्य भवन में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी के कार्यों को आसान बनाने, मजदूरी चाहने वालों के जॉब कार्ड बनाने, इसके अलावा कम्प्यूटरीकृत माध्यम से किसानों को अपने खाते की नकल, गांवों में पंचायतों के कामों का पूरा ब्यौरा पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने, लोगों की शिकवा-शिकायतें और ऑनलाइन फार्म भरने संबंधी अनेक आधुनिक सुविधाएं नि:शुल्क देने के लिए था। लेकिन कई गांवों में ऐसे भवन बनने के बाद भी उपयोगहीन हैं। अब यह भवन खंडहर में तब्दील हो रहा है।
बसना ब्लाक के कई गांवों में अभी भी राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन के नाम से 12 लाख रुपए की लागत से भवनों का निर्माण किया जा रहा है। कई भवन निर्माण पूरे होने के बाद खंडहर में तब्दील हो रहे हैं। कुछ उपयोगहीन हैं तो कुछ अब भी अधूरे हैं। इन भवनों का उपयोग क्या है, इसका उचित उपयोग हो रहा है या नहीं, इसे देखने वाला कोई नही हैं।