महासमुन्द
निडिल पद्धति से कैंसर जैसे अन्य बीमारियों की जांच
महासमुंद, 20 जून। शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पैथालॉजी विभाग के तहत साइटोलॉजी ब्रांच ने भी अपनी सेवाएं लोगों को देना शुरू कर दी है। यह ब्रांच निडिल पद्धति से कैंसर जैसे अन्य बीमारियों की जांच कर रहा है, जिसका लाभ जिलेवासियों को भी मिल रहा है। जानकारी अनुसार फरवरी में ही इस सेवा की शुरुआत की तैयारी हुई और अप्रैल माह में इसे शुरू कर दिया गया। आज दिनांक तक निडिल पद्धति से जांच का लाभ जिले के 50से अधिक लोगों ने लिया है, जिनकी सैंपल की जांच की गई है।
इस टेस्ट के तहत 24घंटों के अंदर ही मरीजों को विस्तृत रिपोर्ट मिल जा रही है। प्रक्रिया में शरीर के किसी भी हिस्से में निकली गांठ की निडिल पद्धति से सैंपल लेकर जांच की जाती है। निडिल जांच पद्धति से ब्रेस्ट कैंसर, बच्चों के गले में बनने वाली गांठ, हाथ-पांव में होने वाली गांठ, थायराइड के साथ-साथ पैप स्मीयर टेस्ट यानि महिलाओं के सर्वाइकल कैंसर के बारे में डायग्नोसिस करने में मदद मिल रही है।
महासमुंद जिला मुख्यालय में ऐसी प्रमुख टेस्ट के शुरू होने से लोगों को लंबी दूरी कर रायपुर व अन्य निजी लैब में जाने की जरूरत नहीं है और उन्हें आर्थिक बोझ भी नहीं हो रहा है। निडिल जांच का उपयोग शरीर में कहीं पर हुए गठान के ऑपरेशन से पहले किया जाता है। इसके तहत सुई के माध्यम से गठान का सैंपल लिया जाता है, जिसे रीएजेंट से स्टेन करके माइक्रोस्कोप के माध्यम से जांच की जाती है। इसकी जांच के बाद गांठ के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मिल जाती है कि उक्त गांठ कैंसर है या नहीं।
इसके आधार पर चिकित्सक उसका इलाज करते हैं।
पैथालॉजी विभाग के प्रमुख डा. शशिकला कोसाम ने बताया कि इस पद्धति से जांच सुविधा को शुरू किए महीनेभर से अधिक दिन हो गए हैं। अब तक 50 से अधिक लोगों की जांच की गई है। आने वाले दिनों में इसमें और तेजी होगी और अधिक लोगों की जांच भी की जाएगी। अस्पताल अधीक्षक डॉ.संतोष सोनकर ने कहा कि हम अस्पताल की सुविधाएं धीरे-धीरे बढ़ा रहे हैं ताकि लोगों को महासमुंद में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। इसलिए निडिल पद्धति से जांच की सुविधा शुरू की गई है।