महासमुन्द

कोरोना टीकाकरण में तेजी, 12-14 और 15-17 आयु वर्ष के बच्चों के लिए माइक्रो प्लान तैयार
19-Jun-2022 5:45 PM
कोरोना टीकाकरण में तेजी, 12-14 और 15-17 आयु वर्ष के बच्चों के लिए माइक्रो प्लान तैयार

ग्रीष्मकालीन अवकाश के शुरू होने के बाद यह अभियान धीमी पड़ गई थी  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जून।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने जिले के 12-14 और 15-17 आयु वर्ष के बच्चों के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया है और टीकाकरण शुरू कर दिया है। हालांकि इस अभियान में अभी उतनी तेजी नहीं आई है, लेकिन आने वाले सप्ताह में इसके रफ्तार पकडऩे की संभावना है। इसके लिए राज्य से महासमुंद जिले को 52 हजार 633 का आंकड़ा मिला था। जिसके तहत 70 फीसदी करीब 37 हजार बच्चों को अप्रैल माह तक ही टीका लगा लिया गया था। इसके बाद स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया था।

कोरोना महामारी से लोगों को बचाने व शरीर में इम्यून सिस्टम डेवलप करने के लिए लंबे समय से देशभर में कोरोना टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत 12-14 और 15-17 आयु वर्ष के बच्चों के लिए भी साल 2022 के शुरुआत में अनुमति मिली थी। इसके तहत महासमुंद जिले में स्कूलों के संचालन के समय तक तेजी से टीकाकरण हुआ, लेकिन स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के शुरू होने के बाद यह अभियान धीमी पड़ गई। अब 16जून से स्कूलों के खुलने के बाद से कोरोन टीका से वंचित स्टूडेंट्स को टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फिर से कमर कस लिया है और स्कूलों के प्राचार्य और स्थानीय स्वास्थ्य अमले की मदद से स्कूल में शिविर आयोजित किया जा रहा है।

अब इसमें तेजी लाने और वयस्कों की तरह ही शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए कार्य शुरू किया है। मालूम हो कि इस आयु वर्ग में लगभग 40 फीसदी बच्चों को दूसरे डोज का टीका लगाया गया है। वहीं 15-17 आयु वर्ग के लिए जिले को 65 हजार 321 का लक्ष्य मिला है।  जिसमें से लगभग 75 फीसदी किशोरों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। वहीं लगभग 60 फीसदी बच्चों को दूसरे डोज भी लगाई जा चुकी है। स्कूली सत्र के शुरुआती दिनों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और अभी सभी बच्चे स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डा. अरविंद गुप्ता ने बताया कि आने वाले सप्ताह में स्कूलों में स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ेगी। जिसके बाद स्कूलों से संपर्क स्थापित कर तेजी से शिविर आयोजित कर टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही अन्य कैटेगरी के टीकाकरण के लिए भी योजना बनाकर जिले में सत्र संचालित किए जाएंगे।
 


अन्य पोस्ट