महासमुन्द

महासमुंद रेलवे स्टेशन में सुपर फास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों के कोच तक पहुंचने के लिए डिस्प्ले जल्द
19-Jun-2022 5:38 PM
महासमुंद रेलवे स्टेशन में सुपर फास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों के कोच तक पहुंचने के लिए डिस्प्ले जल्द

प्लेट फार्म 1 व 2 में डिस्प्ले लगाने के लिए गड्ढे तैयार कर लिए गए, केबल बिछाने के लिए जमीन को खोदने का काम जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जून।
महासमुंद रेलवे स्टेशन में पहुंचने वाली सुपर फ ास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों के कोच तक पहुंचने के लिए यात्रियों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। यात्रियों की सुविधा व लंबे समय से यात्रियों की मांग के चलते स्टेशन में कोच डिस्प्ले लगाया जाएगा। इसके लिए टेंडर भी हो गया। इसके साथ स्टेशन में काम भी शुरू हो गया है। प्लेट फार्म 1 व 2 में डिस्प्ले लगाने के लिए गड्ढे तैयार कर लिए गए हैं। केबल बिछाने के लिए जमीन को खोदने का काम चल रहा है।

विभाग के मुताबिक महासमुंद रेलवे स्टेशन कोच डिस्पले लगाने वाली सुविधा के श्रेणी में नहीं आता है, इसके बावजूद इसकी सुविधा दी जा रही है। रेलवे के अधिकारियों की मानें तो यह काम दो से ढ़ाई महीने में पूरा हो जाएगा। इसके बाद यात्रियों को अपने-अपने कोच तक पहुंचने के लिए अब ट्रेन आने के बाद आपा-धापी करने की जरूरत नहीं होगी। ट्रेन आने के 5 से 10 मिनट पहले ही यात्री डिस्प्ले हो रहे कोच के सामने जाकर खड़े हो जाएंगे।

गौरतलब है कि लंबी दूरी की ट्रेनें स्टेशन पर रुकते यात्रियों की धडक़ने तेज होती है। वहीं आधा किलोमीटर लंबी ट्रेन में अपने कोच तक पहुंचने के लिए उन्हें भारी मशक्कत करनी पड़ती है। एक्सप्रेस व सुपर फास्ट ट्रेनें महासमुंद में मात्र दो मिनट ही रुकती है। इसके कारण यात्रियों को कोच तक पहुंचने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रेलवे एसएससी के मुताबिक दो से ढ़ाई महीने कोच डिस्प्ले लगाने के लिए समय लगेगा, काम शुरू हो गया है। कोच डिस्प्ले दोनों प्लेट फार्म पर लगेंगे। स्टेशन में कोच डिस्प्ले लगने के बाद यात्रियों को कोच ढूंढने में परेशानी नहीं होगी। ट्रेन आने के पहले ही यात्री अपने कोच के सामने खड़े होकर आसानी से ट्रेन में चढ़ पाएंगे।

खबर है कि स्टेशन में कोच डिस्प्ले लगाने की मांग पिछले पांच सालों से यात्रियों समेत कई संगठनों के द्वारा की जा रही थी। क्षेत्र से भारी संख्या में प्रवासी गुजरात, ओडिशा, महाराष्ट्र, यूपी, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में आना जाना करते हैं। इसे देखते हुए यात्री, नागरिक सहित अन्य पार्टियों व संगठनों के पदाधिकारियों ने संबलपुर रेलवे डीआरएम से मिलकर डिस्प्ले कोच लगाने की मांग की थी। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा समिति के सदस्यों के निरीक्षण के दौरान भी डिस्पले कोच लगाने की मांग की थी।

वर्तमान में महासमुंद स्टेशन में अप और डाउन कर करीब 22 ट्रेनें गुजर रही है। इसमें एक्सप्रेस, सुपरफास्ट एवं लोकल ट्रेन शामिल हैं। लंबी दूरी व लंबी ट्रेन अप-डाउन सुपरफास्ट, निजामुद्दीन से विशाखापटनम समता सुपरफास्ट, लोकमान्य तिलक से विशाखापटनम सुपरफास्ट, अहमदाबाद से पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, भगत की कोठी विशाखापटनम, अजमेर पुरी, बिलासपुर तिरुपति, लोकमान्य तिलक विशाखापटनम,  कोरबा विशाखापटनम लिंक एक्सप्रेस शामिल है। इसके अलावा लोकल रायपुर विशाखापटनम पैसेंजर भी यहां से गुजरती हैं।

महासमुंद रेलवे स्टेशन में सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज दो मिनट का है। कम स्टॉपेज होने के कारण यात्री अपने कोच के पास गाड़ी छूटने के पहले पहुंच नहीं पाते हैं। क्योंकि रेल के आने की जानकारी अनाउंसमेंट के सहारे मिल जाती है लेकिन कोच की जानकारी नहीं मिल पाती है। यहां तक यात्रियों को ये भी नहीं मालूम होता है कि इंजन के बाद कौन से नंबर की कोच होगी। इंजन स्टेशन में प्रवेश करते हैं उसके बाद ही पता चलता है कि कौन सा कोच कहां आएगा। इसके बाद सामान लेकर अपने कोच की तरफ  जाने के लिए दौड़ लगाना पड़ता है।


अन्य पोस्ट