महासमुन्द

भालू के हमले से ग्रामीण की मौत
19-Jun-2022 12:42 PM
भालू के हमले से ग्रामीण की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 19 जून।
सोनाखान वन परिक्षेत्र के झलपानी क्षेत्र में भालू के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई है। वन विभाग द्वारा मृतक के परिवार को 10 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को झालपानी निवासी 55 वर्षीय फिरतराम पारधी शाम को खाना खाने के बाद अपनी बाड़ी में ही शौच के लिए गया था। परंतु उसी समय बाड़ी में घुस कर छुपे बैठे भालू ने हमला कर दिया एवं उसे नोंच-नोंच कर मार डाला। बताया जाता है कि फिरतराम का घर जंगल से लगा हुआ है, भालू जंगल से निकल कर आया और फिरत की बाड़ी में अंदर घुस गया। परन्तु भालू बाड़ी में होने से अनजान फिरत अंधेरे में ही बाड़ी चला गया और भालू का शिकार हो गया। हमले से उनके  शरीर में गंभीर चोटे आयी हंै। परिजनों ने तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाखिल करवाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वन विभाग, पुलिस विभाग द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया, वहीं वन विभाग के उपवन मंडलाधिकारी विनोद ठाकुर ने मृतक के परिजनों को 10 हजार की सहायता राशि दिया, साथ ही आपदा कोष से 5 लाख 90 हजार का प्रकरण बनाकर शासन के पास भेजने की बात कही है।


अन्य पोस्ट