महासमुन्द
महासमुंद, 18 जून। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बार फिर से अज्ञात चोरों ने रमनटोला में एक सूने मकान को निशाना बनाया है। मिली जानकारी के अनुसार रमनटोला निवासी गुमान सिंह साहू बिजली विभाग में ऑपरेटर का काम करता है। वह अपने परिवार के साथ 10 जून को अपनी भतीजी की शादी कार्यक्रम में शामिल होने गृहग्राम जरौद आरंग गया हुआ था। उसने सुभाष नगर निवासी परचित के नीलू बघेल को रात में सोने के लिए कहा था, लेकिन 15 जून की रात को नीलू रमनटोला स्थित घर में जा नहीं पाया। 16 जून की सुबह 9.30 बजे जब गुमान अपने रमनटोला स्थित घर पहुंचा तो मेन गेट का कुंडी टूटा हुआ था और दरवाजा खुला हुआ था। गुमान जब भीतर गया तो कमरों के दरवाजे का ताला टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था।
साथ ही बेडरूम की आलमारी का दरवाजा खुला था और लॉकर का दरवाजा टूटा हुआ था। जिसमें से सोने का 14 नग गेहूंदाना वजनी 3.1 ग्राम कीमत 12 हजार 059 रुपए, सोने की 1 नग अंगूठी वजनी 2.360 ग्राम कीमत 9 हजार 676 रुपए सहित 10 हजार नगदी रकम गायब था। इसके बाद गुमान ने थाने पहुंच मामले की शिकायत दर्ज कराई।