महासमुन्द

किसानों ने निजी फर्म से करोड़ों देकर साल भर की गारंटी वाला मल्चिंग पॉलीथिन खरीदा, दो महीने में ही फट गया
18-Jun-2022 3:46 PM
किसानों ने निजी फर्म से करोड़ों देकर साल भर की गारंटी वाला मल्चिंग पॉलीथिन खरीदा, दो महीने में ही फट गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जून।
महासमुंद जिले में सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक एक निजी फ र्म ने क्षेत्र के कई किसानों को करीब 1.50 करोड़ रुपए का सालभर की गारंटी वाला मल्चिंग पॉलिथीन बेचा। किसानों ने फ र्म पर भरोसा करके पॉलिथीन की खरीदी की और सब्जियों की फसल के लिए उसे खेत में लगाया, लेकिन दो महीने में ही यह पूरी तरह से फट गया। फटी हुई मल्चिंग की शिकायतलेकर जब किसान निजी फर्म के पास जा रहे हैं तो उन्हें घुमाया जा रहा है। हालात यह है कि अब तो निजी फर्म संचालक ने किसानों का फोन उठाना भी बंद कर दिया है।

किसानों कहा कहना है कि उन्हें मल्चिंग का नुकसान तो हुआ ही है, साथ ही करोड़ों रुपए का फसल और इसे तैयार करने के लिए जुटाए गए संसाधन की भी क्षति हुई है। क्षेत्र के किसान इस मामले को लेकर अब न्यायालय के शरण में जाने की तैयारी में है। इस मामले में कृषि विभाग और उद्यानिकी विभाग के अफसरों का कहना है कि इस मामले की जानकारी अब तक नहीं मिली है। किसान यदि लिखित में शिकायत करते हैं तो आगे की कार्रवाई करते हुए उनकी मदद करने का प्रयास किया जाएगा।

जिले के उन्नत किसान मनीष शर्मा, अनिल अग्रवाल, धनंजय अग्रवाल, अमित पडिहार, मन्नील अग्रवाल ने बताया कि मल्चिंग की खरीदी के समय सालभर पॉलिथीन खराब नहीं होने की गारंटी दी गई थी, लेकिन अब फर्म संचालक फोन नहीं उठा रहा है। मनीष शर्मा ने बताया कि मल्चिंग मल्च इंडिया कंपनी का है, जिसके डीलर की दुकान दुर्ग के गंज मंडी में है।


अन्य पोस्ट