महासमुन्द
महासमुंद, 18 जून। महासमुंद तहसील के ग्राम मालीडीह में शुक्रवार को ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के लिए तहसील कार्यालय पहुंची ऐश्वर्या दुबे को केवल इसलिए प्रमाण पत्र देने से इंकार कर दिया गया कि पटवारी ने पुराने जांच प्रतिवेदन पर ही इसी वर्ष सिग्नेचर करके प्रमाणित किया है। तहसील कार्यालय के अधिकारियों ने पटवारी के पुरानी रिपोर्ट को आधार मानकर प्रमाण पत्र देने से इंकार कर दिया। लिहाजा यह छात्रा दो भर्ती परीक्षाओं में आवेदन नहीं कर पाई। जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा भाजपा नेताओं के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां ऐश्वर्या और डा. चोपड़ा ने एसडीएम भागवत जायसवाल से मुलाकात की और पूरे प्रकरण की जानकारी दी। कहा यदि प्रमाण पत्र नहीं बनाया जाता है, तो परिसर में ही भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके बाद आनन-फानन ऐश्वर्या को प्रमाण पत्र जारी किया गया।