महासमुन्द

राहुल पर ईडी पूछताछ के विरोध में कांग्रेसी सडक़ पर उतरे, विरोध दर्ज कराया
18-Jun-2022 3:43 PM
राहुल पर ईडी पूछताछ के विरोध में कांग्रेसी सडक़ पर उतरे, विरोध दर्ज कराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जून।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के डा. रश्मि चंद्राकर के आह्वान पर जिले के सभी ब्लॉक में राहुल गांधी पर ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेसी सडक़ पर उतरे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर निशाना साधा और अपना विरोध दर्ज किया। इसी के तरह जिला मुख्यालय के नेहरू चौक पर भी कांग्रेसी जुटे।

इस दौरान जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि मोदी सरकार के 8 सालों में विपक्ष उनके सहयोगियों के अतिरिक्त उद्योगपतियों पर अखबारनवीसों पर 1700 मामले ईडी व सीबीआई द्वारा दायर किए गए हैं। जिसमें मात्र 9 मामले में कन्वेंशन जारी हुआ और शेष मामले खारिज हो गए। इस प्रकार केवल परेशान करने के लिए जनता की आवाज को कुचलने के लिए मोदी सरकार सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है जो कि निंदनीय है।

इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने पार्टी पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं को कार्यालय में प्रवेश की अनुमति के बगैर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय को किले के रूप में बदल दिया है। पुलिस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर रही है। सत्य की इस लड़ाई के लिए सत्याग्रह शांतिपूर्ण प्रदर्शन और एकजुटता को कुचलने के लिए केंद्र सरकार क्रूरता पूर्वक बल का प्रयोग कर रही है।

धरना प्रदर्शन में प्रभारी महामंत्री संजय शर्मा, शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल, शहर उपाध्यक्ष राजू साहू, नितेंद्र बैनर्जी व अन्नू चंद्राकर ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिसिया कार्यवाही की जांच की मांग को लेकर स्थानीय प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में ढेलु निषाद, सोमेश दवे, गुरमीत चावला, राजू साहू, गौरव चंद्राकर, लक्ष्मी देवांगन, अन्नू चंद्राकर, लक्ष्मी सोनी, एल्डरमैन अनवर हुसैन, सुनील चंद्राकर, जावेद चौहान, प्रदीप चंद्राकर, छन्नू साहू, तुलसी साहू, मिंदर चावला, लखन चंद्राकर, हर्षित चंद्राकर, सचिन गायकवाड़, शाहबाज राजवानी, मनोहर ठाकुर, बसंत चंद्राकर, निर्मल जैन, चंद्रेश साहू, सतीश कन्नोजे, संतोष धीवर, संतोष कहार व मोती साहू के साथ अन्य मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट