महासमुन्द
साक्ष्य प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 4 जुलाई
महासमुंद,18 जून। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने विचाराधीन बंदी हेमसागर महीलाने पिता उसतराम महीलाने साकिन बिछिया थाना सरायपाली जिला महासमुंद छग की मृत्यु की दण्डाधिकारी जांच के आदेश अनुविभागीय दण्डाधिकारी महासमुंद को दिए हंै। जांच हेतु बिन्दु तय किए गए हैं जिसमें मृतक की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, क्या मृतक को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, मृत्यु का क्या कारण था, मृतक की मृत्यु के लिए यदि कोई जिम्मेदार है, तो उत्तरदायित्व का निर्धारण तथा अन्य बिन्दु जो जांच अधिकारी उचित समझे शामिल है।
उक्त जांच बिन्दु के संबंध में किसी को दस्तावेज, साक्ष्य, लिखित, मौखिक पेश करना हों तो सुनवाई तिथि 4 जुलाई 2022 को अपरान्ह 3 बजे तक न्यायालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी महासमुंद के समक्ष उपस्थित होकर पेश कर सकते हैं। मालूम हो कि आबकारी एक्ट के तहत् जिला जेल महासमुंद में दिनांक 7 जून 2022 से निरूद्ध था। उक्त बंदी का स्वास्थ्य खराब होने से उपचार हेतु जिला चिकित्सालय महासमुंद दिनांक 10 जून को जेल गार्ड के साथ भेजा गया था। जहां पर उपचार के दौरान दिनांक 10 जून को उनकी मृत्यु हो गई थी।