महासमुन्द

नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें -पाल
18-Jun-2022 3:15 PM
नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें -पाल

वल्लभाचार्य में दस दिवसीय वैल्यू ऐडेड कोर्स का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जून।
शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद की प्राचार्य डॉ. ज्योति पांडेय के निर्देशानुसार वाणिज्य संकाय में सात जून से 17 जून तक प्रतिदिन प्रात: आठ से 11 बजे तक दस दिवसीय वैल्यू ऐडेड कोर्स का आयोजन किया गया। कोर्स का विषय कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग एंड टैक्स मैनेजमेंट रहा। कोर्स के समापन समारोह में प्रभारी प्राचार्य डा ईपी चेलक विभागाध्यक्ष वनस्पति शास्त्र, अजय कुमार राजा विभागाध्यक्ष वाणिज्य संकाय, एस पाल प्रशिक्षक, राजेश्वरी सोनी, मनबोध चौहान, मनीषा बेहरा और 50 पंजीकृत छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

प्रभारी प्राचार्य डा. चेलक ने कहा कि वैल्यू ऐडेड कोर्स का महत्व है कि छात्र-छात्राएं व्यक्तित्व विकास के द्वारा अपने व्यवहार और अपने कार्य शैली में परिवर्तन लाकर अपने भविष्य को सुरक्षित एवं सुदृढ बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप अपना उद्देश्य तय करें तथा प्रबंधन की शुरुआत अपने घर से करते हुए अपनी सोचने की क्षमता को बढ़ाएं और तर्क करने की क्षमता को विकसित करें ताकि तर्क का विश्लेषण आपके शिक्षक कर सके और आपको उचित मार्गदर्शन प्रदान कर सकें।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में छात्र-छात्राएं नौकरी की तलाश में भटकते रहते हैं। आप नौकरी मांगने वाले ना बने बल्कि नौकरी देने वाला बनें। उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि किस प्रकार से योजना बनाकर हम कार्य किया करते थे। उन्होंने न्यू एजुकेशन पालिसी और कंप्यूटर अकाउंट के समयोजन को विस्तार से समझाया। विभागाध्यक्ष वाणिज्य अजय कुमार राजा ने कहा कि दस दिवस के कोर्स में जो आपने सीखा है उसे आप आगे बढ़ाएं व अधिक जानने व सीखने का प्रयास करें। सीखने की प्रक्रिया को लगातार जारी रखें क्योंकि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता है।


अन्य पोस्ट