महासमुन्द
4 बच्चे सर्जरी के लिए चिह्नांकित
महासमुंद,17 जून। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बुधवार को नि:शुल्क जांच व उपचार शिविर का आयोजन मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में आयोजित किया गया। शिविर में 0 से 18 वर्ष के विभिन्न श्रेणी के चिह्नांकित बच्चों का नि:शुल्क जांच व उपचार किया गया। इस शिविर में कुल 288बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जिसमें सर्वाधिक पीडियाट्रिक विभाग 209बच्चों की जांच शामिल हैं। सीएमएचओ डॉ.एसआर बंजारे के मुताबिक शिविर में बालाजी हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ईको कार्डियोग्राफी मशीन से 42 बच्चों की जांच की गई। जिसमें से 4 बच्चों को सर्जरी के लिए चिह्नांकित किया गया है और 10 बच्चों के स्वास्थ्य का फॉलोअप के लिए चुना गया है। वहीं जांच में 28 बच्चे नॉर्मल पाए गए।
इस शिविर के लिए जिले के सभी ब्लॉक से चिन्हांकित बच्चों को लया गया था। बच्चों के लिए ब्लॉक स्तर से चिरायु दलों द्वारा लगाया गया। साथ ही बच्चों के भोजन की व्यवस्था भी विभाग द्वारा की गई। इस जांच शिविर में जो भी रोग डायग्नोस हुआ है, उसका आगे निरंतर उपचार करते हुए उनके स्वास्थ्य पर निरंतर नजर रखी जाएगी। सीएमएचओ ने बताया कि शिविर में जांच के बाद हृदय रोग से ग्रसित पाए गए बच्चों का नि:शुल्क इलाज होगा। अन्य रोग से ग्रसित बच्चों की जांच व उपचार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया।