महासमुन्द
कलेक्टर ने निलंबन आदेश जारी किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 जून। महासमुंद जिले में बागबाहरा एसडीएम का रीडर रिश्वत लेते हुए कैमरे पर कैद हुआ। रीडर ने कैमरे के सामने एक किसान से 30 हजार रुपए लिए। उसने 10 हजार रुपयों की मांग और की। वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने उसे निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई की जद में आया कर्मचारी रोशनलाल सोनी अभी सरायपाली तहसील में सहायक वर्ग-2 के पद पर तैनात है। कुछ दिनों पहले वह बागबाहरा एसडीएम कार्यालय में रीडर के पद पर पदस्थ था।
आरोप है कि वहां उसने एक किसान को भूमि डायवर्सन के लिए परेशान किया। उसके बाद काम कराने के लिए 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। किसान ने 30 हजार रुपए रीडर के कमरे में उसे दिए। उसके बाद रीडर ने उससे कम से कम 10 हजार रुपए और मांगे। किसान ने इसमें असमर्थता जताई तो उसने 10 हजार रुपए बाद में देने की छूट दी। इस पूरी बातचीत को किसान के साथ आए किसी व्यक्ति ने चुपचाप वीडियो बना लिया।
बुधवार सुबह से रिश्वत कांड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उसके बाद गुरूवार को प्रशासन हरकत में आया। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी क्लर्क भूमिगत हो गया है। वह कार्यालय में नहीं आया। उसने अब तक फोन भी बंद रखा हुआ है। इस मामले में खुलासा हुआ है कि क्लर्क ने ग्राम अमलीडीह के किसान जगदीश प्रसाद निषाद से 95 डिसमिल खेती जमीन का डायवर्जन करने के लिये 80 हजार रुपए की मांग की थी। पीडि़त किसान ने खेत को तीन साल के लिये रेघ लीज पर देकर 30 हजार रुपए की व्यवस्था की।
महासमुंद कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने रिश्वतखोरी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम के तहत कदाचार माना है। इन आरोपों के आधार पर क्लर्क को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में रोशन लाल सोनी को महासमुंद तहसील से अटैच किया गया है। उसे जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। बागबाहरा एसडीएम कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 रोशनलाल सोनी को कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय तहसील कार्यालय महासमुंद निर्धारित किया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। इसके लिए कार्यालय कलेक्टर कार्यालय से आदेश जारी किया गया है।