महासमुन्द

संकल्प शिविर में गांधी परिवार के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा
16-Jun-2022 3:21 PM
संकल्प शिविर में गांधी परिवार के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा

महासमुंद नव संकल्प शिविर में जुटे कांग्रेस के दिग्गज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जून।
उदयपुर नव संकल्प शिविर की तर्ज पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला स्तरीय एक दिवसीय नव संकल्प शिविर का कार्यक्रम टाउन हॉल महासमुंद में आयोजित हुआ।
नव संकल्प के इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथि के रूप में वरिष्ठ विधायक धनेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव  विनोद सेवनलाल चंद्राकर एवं संसदीय सचिव द्वारकाधीश यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व विधायक किस्मत लाल नंद, प्रदेश प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, महासमुंद जिला संगठन के प्रभारी कन्हैया अग्रवाल, कृषक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष महेंद्र चंद्राकर, आदिवासी विकास प्राधिकरण मध्य क्षेत्र के सदस्य मोहित ध्रुव, जिला पंचायत की अध्यक्ष उषा पटेल, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, प्रदेश सचिव रंजीत कोसरिया उपस्थित थे।

नव संकल्प शिविर कार्यक्रम के शुभारंभ पश्चात स्वागत भाषण में डॉ. रश्मि ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि साल 2023 और 2024 विधानसभा और लोकसभा चुनाव में फतह हासिल करने के संकल्प के साथ आ रहा है। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक के लिए कांग्रेस के द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं कार्यों की जानकारी दी। साथ ही महिला एवं युवाओं पर आधारित योजनाओं पर छत्तीसगढ़ के भूपेश सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
उदयपुर नव संकल्प के प्रस्तावना पर बिंदुवार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं जिला महासमुंद के प्रभारी कन्हैया अग्रवाल ने पटल पर रखा, जिस पर समस्त कांग्रेसजनों ने अपनी सहमति दी।

शिविर में केंद्र सरकार के द्वारा ईडी की कार्रवाई का निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी एवं विपक्ष के नेताओं पर केंद्र सरकार के इशारे पर ईडी एवं सीबीआई के द्वारा परेशान करने के लिए जो कार्रवाई की जा रही है, उसका निंदा प्रस्ताव डॉ. रश्मि चंद्राकर जिलाध्यक्ष ने रखा, जिसका टाउनहॉल में उपस्थित सारे विधायक सहित कांग्रेसजनों ने हाथ उठाकर निंदा प्रस्ताव का समर्थन किया एवं दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करने बंद करने की मांग की गई।
विधायक धनेंद्र साहू ने कहा कि कांग्रेस ने देश को स्वराज दिलाने का बीड़ा उठाया और कर के दिखाया। संविधान से छेड़छाड़ का प्रयास भाजपा का रही है। देश में स्थापित संसाधनों को बेचकर देश को निजीकरण कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं में लोगों का जीवन बदला है उनका आर्थिक उत्थान हुआ है यह भूपेश सरकार की सफलता है।       

महासमुंद के स्थानीय विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि जब 72 लोगों ने कांग्रेस का गठन किया था, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने तब इसका विस्तार व्यापक रूप से किया गया। लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को जानना इसका निराकरण करना कांग्रेस पार्टी लगातार करती आई है। अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में पिछले साढे 3 साल में एक लाख करोड़ से अधिक किसानों के पीछे खर्च किया गया है। किसान कर्ज माफ ी, 25 क्विंटल धान की कीमत, बिजली बिल हाफ , सिंचाई कर माफ ी, तेंदूपत्ता का मूल्य अधिक दिलवाना आदि योजनाओं ने लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान की है। गोठान से प्रदेश में गोवंश की रक्षा के साथ.साथ स्व सहायता समूह को रोजगार देने का काम हुआ है।
विधायक किस्मत लाल नंद ने कहा कि बीजेपी का देश के प्रति योगदान केवल मीडिया की उपज है, केवल लोगों को भडक़ाने का काम कर रहे हैं।

खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवर्तन को तैयार है। भाजपा सरकार निजीकरण लागू कर देश से अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को खत्म करने का काम कर रही है।
 प्रदेश के महामंत्री अमरजीत सिंह चावला ने कहा कि कार्यकर्ता मजबूत रहेगा, तभी पार्टी मजबूत रहेगी और हम चुनाव जीत सकेंगे। सत्ता व संगठन में तालमेल छत्तीसगढ़ में अच्छी है। उन्होंने कहा कि देश हित में जनहित में कांग्रेस पार्टी कार्य करती रहेगी।
रायपुर से पहुंचे महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने संकल्प शिविर जयपुर कांग्रेस में अमूल चूल परिवर्तन के लिए है। पार्टी को मजबूत करने के लिए जोन स्तर पर बूथ स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है। कार्यक्रम में जिले भर से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का हुजूम उपस्थित था।
 


अन्य पोस्ट