महासमुन्द

आसमान से घने काले बादल कल बिन बरसे ही लापता हो गए, भीषण गर्मी जारी
15-Jun-2022 4:18 PM
आसमान से घने काले बादल कल बिन बरसे ही लापता हो गए, भीषण गर्मी जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जून।
कल शाम आसमान से घने काले बादल बिन बरसे ही लापता हो गए। महासमुंद जिले में आज सुबह से बादलों का छोटा-छोटा समूह आकर गुजर रहा है। वैसे भी इस साल मानसून देर से पहुंच रहा है। मानसून की धीमी रफ्तार और प्री मानसून बारिश नहीं होने के चलते तेज गर्मी पड़ रही है। कल मंगलवार को एक बार फिर से पारा 40 पार पहुंच गया। महासमुंद में कल अधिकतम तापमान 40.4 डिगी दर्ज किया गया।

कल की तरह आज भी सुबह से तेज धूप है। कल दोपहर 3 बजे के बाद मौसम ने करवट ली थी और एकाएक आसमान को काले बादलों ने घेर लिया। लेकिन देर रात तक बारिश नहीं हुई। हालांकि बसना क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई। लेकिन इसके चलते उमस ने काफी परेशान किया।

मालूम हो कि इस साल महासमुंद जिले में अब तक प्री मानसून बारिश नहीं हुई है। जबकि अमूमन जून के पहले सप्ताह से ही बारिश शुरू हो जाती है। पिछले वर्ष की बात करें तो 14 जून तक जिले में 100 मिमी बारिश हो चुकी थी। इस साल जिले में अब तक केवल 0.2 मिमी बारिश ही अब तक रिकॉर्ड की गई है। मानसून को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि मानसून पश्चिमी शाखा गुजरात तक पहुंच गया है और आज अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक पूरब-पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक स्थित है। एक उत्तर-.दक्षिण द्रोणिका दक्षिणपूर्व उत्तर प्रदेश से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। अत: जिले में आज 15 जून को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। चेतावनी दी गई है कि प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की संभावना है।
 


अन्य पोस्ट