महासमुन्द
एनजीटी ने रिपोर्ट मांगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 15 जून। प्रदेश के बार नवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र में सोने के भंडार के सर्वेक्षण का काम फिलहाल थम गया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने एक उच्च स्तरीय समिति बनाकर सर्वेक्षण से होने वाले नुकसान पर रिपोर्ट मांगी है। यह समिति खनन के प्रभावों पर तीन माह में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। मामले की अगली सुनवाई दो अगस्त होगी।
मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में स्थित बारनवापारा अभ्यारण्य के समीप बाघमाडा (सोनाखान) स्थित है। यहां वन्य प्राणी देश के सबसे अधिक खुले में विचरण करने वाले है। यहां किए गए पहले सर्वेक्षण के आधार पर 2700 वर्ग किलोग्राम क्षेत्र में स्वर्ण भंडार होना अनुमानित है।
केंद्र की मोदी सरकार ने 2016 में इस खदान की ई-नीलामी कराई थी। जिसे वेदांता समूह ने हासिल किया है। अब कंपनी यहां खनन पूर्व सर्वेक्षण करना चाहती है, ताकि स्वर्ण भंडार की ठीक-ठीक स्थिति का पता लगाया जा सके। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार के खनिज साधन विभाग को आवेदन दिया है। प्रस्तावित योजना के अनुसार प्रस्तावित खनन क्षेत्र में कंपनी 58 बोरवेल बनाकर स्वर्ण भंडार की वास्तविक स्थिति का पता लगाएगी। परन्तु रायपुर के सामाजिक कार्यकर्ता संजीव अग्रवाल ने इस पर आपत्ति की है। संजीव ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में याचिका लगाकर कहा कि अगर यहां पूर्वेक्षण होता है तो वन पर्यावरण को नुकसान होगा।
समिति शिकायत की जांच करेगी
श्री अग्रवाल की शिकायत के बाद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पांच विभिन्न विभागों के अफसरों की एक समिति से रिपोर्ट तलब की है। इसमें केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के एक सदस्य, छत्तीसगढ़ खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव, छत्तीसगढ़ के प्रमुख मुख्य वन संरक्षक, पर्यावरण संरक्षण मंडल और कलेक्टर बलौदाबाजार को शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल को इसका नोडल विभाग बनाया गया है। इस समिति का गठन चार सप्ताह के भीतर कर लेने को कहा गया है।