महासमुन्द
बच्चे अभी भी गिरफ्त से बाहर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जून। जिला मुख्यालय के ग्राम बरोंडाबाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार की अलसुबह फरार 3 अपचारी बच्चे अभी गिरफ्त से बाहर हैं। इस बार बच्चों ने न तो खिडक़ी का ग्रिल तोड़ा और न ही दरवाजा। बाकायदा चैनल गेट का ताला खोला और परिसर की बाउंड्रीवॉल फांदकर फरार हो गए। बच्चों ने इस घटना को मंगलवार अलसुबह अंजाम दिया है। इनकी देख-रेख के लिए केयरटेकर व 2 होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी थी। बावजूद इसके इन बच्चों ने चाबी से ताला खोला और फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक तीनों बच्चे महासमुंद जिले के ही हैं, जो अलग-अलग अपराधों में यहां थे। अपचारी बालकों के इस दुस्साहस को लेकर संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा और वहां के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर उनके पास चाबी कैसे आई? इस बारे में अधिकारी भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग जिला परियोजना अधिकारी समीर पांडेय का कहना है कि कोतवाली थाना प्रभारी को संप्रेक्षण गृह से 3 बच्चों के गुम होने की सूचना दे दी गई है। सुरक्षा पर तैनात कर्मचारी की लापरवाही से बच्चे भागे हैं। उन पर कार्रवाई के लिए नगर सेना के जिला सेनानी को आदेशित किया गया है। जबकि फरार बच्चों की खोजबीन की जा रही है। इस मामले में थाना प्रभारी सिद्धेश्वर प्रताप का कहना है कि 3 बच्चे भागे हैं, जिन्हें पुलिस ढूंढ रही है। इसमें से सरायपाली व महासमुंद के रहने वाले दो अपचारी बालक पहले भी कई बार फरार हो चुके हैं।
जिला परियोजना अधिकारी समीर पांडेय के मुताबिक बच्चों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड व केयर टेकर की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन लापरवाही के चलते ये यहां से फरार हो गए। फरार होने की सूचना मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे रात के पाली की ड्यूटी में तैनात सैनिक हरिश चक्रधारी, संतोष ठाकुर व केयर टेकर पितांबर ध्रुव ने दी।
विभागीय जानकारी के अनुसार बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हुए तीन बच्चे जिसमें वार्ड क्रमांक.10 बाजारपारा सरायपाली का है, उस पर मारपीट का आरोप है। दूसरा टांगापासा चौकी भंवरपुर बसना है जो एनडीपीएस में बंद है। तीसरा जिला मुख्यालय के गुडरुपारा बजरंग चौके का रहने वाला है, उसे चोरी के आरोप में संप्रेक्षण गृृह में बंद किया गया था।
गौरतलब है कि महासमुंद संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने की यह 5वीं घटना है। फरार होने का सिलसिला 2020 से शुरू हुआ है। बाल संप्रेक्षण गृृह की दीवारें छोटी है। जिसमें बच्चे आराम से दीवार फांदकर फरार हो जाते हैं। जबकि प्रबंधन की ओर से यहां सुरक्षा के लिए दीवार पर कंटीले तार और सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। यहां अलार्म व सायरन बजने की व्यवस्था विभाग ने नहीं की है।
लिहाजा पहली बार 18 सितंबर 2019 कोदो अपचारी बालक छत पर चढ़ मेन गेट से कूदकर फरार हुए। ये चोरी व मारपीट के आरोप में बंद थे। इसके बाद15 अगस्त 2020 की रात में तीन अपचारी बालक फ रार हुए। इनमें से दो 18 सितंबर 2019 को भी फ रार हुए थे और चोरी, हत्या व मारपीट के आरोप में बंद थे।
इसके बाद 14 अक्टूबर 2021 को इसी संप्रेक्षण गृह से एक साथ 9 अपचारी बालक हुए फरार हो गए। सभी बालक खिडक़ी की ग्रिल तोड़ दीवार फांदकर भागे थे। इनमें से 4 बलौदाबाजार जिले और 5 महासमुंद जिले के थे। इसमें भी चोरी, हत्याए, एनडीपीएस व मारपीट के आरोपी शामिल थे। फिर 11 मई 2021 को 4 अपचारी बालक फ रार हुए थे। ये लोग खिडक़ी की ग्रिल तोड़ बाहर निकले और दीवार के पास गिरे पेड़ की डाल के सहारे दीवार पर चढ़े और कूदकर फरार हो गए थे।