महासमुन्द
किसानों को धान की खेती पिछडऩे के साथ खरपतवार बढऩे चिंता सता रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जून। इस साल गर्मी में अकरस बारिश नहीं होने से जिले के किसान काफी चिंतित हैं। गर्मी के मौसम के बीच पानी गिरने को छत्तीसगढ़ी बोलचाल की भाषा में अकरस पानी कहते हैं। इस पानी से खेतों की मिट्टी गीली हो जाती है। नरम मिट्टी को जोतने के बाद खेतों के खरपतवार जड़ समेत जमीन से बाहर आ जाते हैं। फिर गर्मी से सारे खरपतवार सूख जाते हैं। इससे खेतों की अच्छी सफाई हो जाती है और मिट्टी भी पोला होती है। ऐसे मिट्टी में धान के बीज आधिकांश तादात में अंकुरित होते हैं और बारिश का पानी पौधों की जड़ें तक पहुंचती हैं। लेकिन इस साल इस तरह की बारिश नहीं होने से किसान परेशान हंै। किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्योंकि आने वाले दिनों में जो बारिश होगी वह लगातार होगी। इससे खेती किसानी करने में परेशानी होगी।
बीते सालों में इन दिनों तक किसान खेतों की जोताई करके थरहा देने का काम पूरा कर लेते थे। कुछ किसान पहली बरसात में ही खुर्रा बोनी कर लेते थे। क्योंकि अकरस पानी में उनके खेत की एक बार जुताई हो चुकी होती थी। कृषि वैज्ञानिक भी इस बार फसल की तैयारियों में लेटलतीफी की बात कह रहे हैं। जिले में अभी तक किसानों ने न तो थरहा लगाया है और ना ही खेतों की जोताई की है।
लिहाजा यकायक बारिश होने के बाद यदि जोताई व बोआई करेंगे तो खेतों में खरपतावार अधिक होंगे। इससे उत्पादन में कमी आएगी और खरपतवार की निंदाई के लिए अधिक खर्च करना पड़ेगा। एकाएक बारिश होने से जोताई व बोआई में भी दिक्कत होगी। क्योंकि किसान यदि बोआई कर देंगे तो आने वाले समय में बीज में अंकुरण नहीं आएगा और बीज का सीधा नुकसान किसान को झेलना पड़ेगा।
महासमुंद जिले के बहुत से किसान रोपा की तैयारी में है, लेकिन बारिश का इंतजार है। 10 जून के अंदर प्री.मानसून की एक दो बार बारिश होने पर पहले तैयारी हो जाती थी। पिछले सालों में जून के 10 तारीख तक एक दो बार बारिश होने से जोताई, बोआई व थरहा का काम पूरा हो जाता था। मौसम विभाग के अधिकारियों की मानें तो 15 जून के बाद ही मानसून आने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में प्री.मानसून की बारिश हो गई है। लेकिन महासमुंद जिले में इस साल अब तक एक बार भी बारिश नहीं हुई है। खेती.किसानी कार्य के लिए किसान एक बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मालूम हो कि महासमुंद जिले में कुल किसानों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक है।