महासमुन्द

विचाराधीन बंदी का शव 30 घंटे बाद कल शाम चार बजे चीर घर से बाहर निकल पाई
13-Jun-2022 2:38 PM
विचाराधीन बंदी का शव 30 घंटे बाद कल शाम चार बजे चीर घर से बाहर निकल पाई

इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गृहग्राम ले गए

आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 जून।
आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों पर कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और विचाराधीन बंदी का शव 30 घंटे बाद कल शाम चार बजे चीर घर से बाहर निकल पाई। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गृहग्राम ले गए। मालूम हो कि इस मामले में कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने आबकारी उप निरीक्षक सर्किल सरायपाली के उत्तम बुद्ध भारद्धाज पर मजिस्ट्रियल जांच व अग्रिम कार्रवाई के लिए आबकारी आयुक्त को पत्र लिखा है। वहीं विभाग के वाहन चालक गांधीराम ठाकुर को निलंबित कर दिया है।

जानकारी मिली है कि सीएसएमसीएल के जिला प्रबंधक ने स्काई वेंचर जिन्होंने वाहन प्रदान किया, उसके चालक प्रकाश बंजारे को सेवा से पृथक और कॉल मी सर्विसेस जिन्होंने कंपनी को सुरक्षा गार्ड प्रदान की है, उसके गार्ड सूरज भारद्धाज व रोहित साहू को सेवा से हटाने का पत्र लिखा है। क्योंकि परिजन व सतनामी समाज के लोग आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा मारपीट किए जाने से मौत होने का आरोप लगाते चीर घर के पास बैठे थे। शनिवार दोपहर जब पीएम के बाद शव ले जाने की बात आई तो परिजन व समाज के लोग कार्रवाई की मांग करते चीरघर के सामने ही धरने पर बैठ गए और शव ले जाने से इनकार कर दिया। शनिवार देर रात तक मामले में पुलिस व प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो रातभर प्रदर्शनकारी चीर घर के सामने ही डटे रहे। दूसरे दिन यानी कल 12 जून रविवार को दोपहर तीन बजे जब अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई का आदेश जारी हुआ, तब जाकर मामला शांत हुआ।

इस मामले में एसडीएम भागवत जायसवाल का कहना है कि प्रशासन की ओर से जांच के लिए पांच बिंदु तय किए गए हैं, जिसके आधार पर जांच होगी। जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एक माह का समय है जिसके भीतर रिपोर्ट उनके द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। इसमें मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, मृत्यु का कारण क्या था और अन्य बिंदु जो जांच अधिकारी उचित समझें शामिल हैं।
 


अन्य पोस्ट