महासमुन्द
राष्ट्रीय स्पर्धा में नौ राज्यों से 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून। महासमुंद ट्रॉफी ऑल इंडिया फीडे रेटेड चेस टूर्नामेंट 2022 का आयोजन आज 11 जून को ठीक प्रात: 10 बजे शुरू हुआ। संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुंद विनोद चंद्राकर ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मालूम हो कि जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से जिला शतरंज संघ महासमुंद द्वारा पहली बार महासमुंद ट्रॉफी ऑल इंडिया फीडे रेटेड चेस टूर्नामेंट 2022 का आयोजन किया गया है जो 15 जून तक वन विद्यालय महासमुंद में आयोजित है।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुंद, विनोद चंद्राकर उपस्थित थे। जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, जनपद पंचायत महासमुंद अध्यक्ष यतेन्द्र साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, नगर पालिका परिषद महासमुंद के उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर एवं जनपद पंचायत महासमुंद उपाध्यक्ष त्रिलोकी ध्रुव शामिल हुईं।
जिला मुख्यालय के वन विद्यालय में पहली बार आल इंडिया ओपन फीडे रेटिंग चेस टूर्नामेंट 2022 का आयोजन आज 11 जून से प्रारंभ होकर 15 जून तक किया जाएगा। जिसकी तैयारी की समीक्षा बैठक कल शुक्रवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक एवं वनमंडलाधिकारी ने संयुक्त रूप से ली। इस दौरान उन्होंने महासमुंद ट्रॉफी ऑल इंडिया फीडे रेटेड चेश टूर्नामेंट प्रतियोगिता में आवश्यक व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे। इनमें खिलाडिय़ों के आवास व्यवस्था के लिए आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त एलआर कुर्रे को प्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह सहायक परियोजना अधिकारी रेखराज शर्मा एवं एमजे सतीश नायर तथा उनके टीम को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाए गए हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को पेय जल व्यवस्था, मुख्य नगर पालिका अधिकारी को साफ.सफाई व्यवस्था, विद्युत विभाग को बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को खिलाडिय़ों के लिए आवश्यक दवाईयां, पुलिस विभाग को महिला पुरूष आवास स्थल पर आरक्षक की व्यवस्था, यातायात व्यवस्था के लिए परिवहन अधिकारी को, सजावट के लिए उद्यानिकी विभाग सहित अन्य विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस प्रतियोगिता के संचालक एवं राज्य सचिव हेमन्त खुंटे तथा आयोजन समिति के जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने संयुक्त रूप से जानकारी दी है कि पहली बार महासमुंद में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में नौ राज्यों से कुल 250 खिलाडिय़ों का पंजीयन किया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडि़शा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान एवं पश्चिम बंगाल से 75 अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अकेले महासमुंद जिले से 55 खिलाडिय़ों ने अपना पंजीयन कराया है, जो महासमुंद के लिए नया कीर्तिमान है।