महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून। ओडिशा से नकली नोट लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले तीन लोगों को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे 2 लाख बयालिस हजार सात सौ रुपए नकली नोट बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले का एक आरोपी नकली नोटों का आदतन अपराधी है। आरोपियों को पत्रकार वार्ता के बाद जेल भेज दिया गया है।
आज अपराह्न डेढ़ बजे कंट्रोल रूम में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एडीशनल एसपी मेघा टेंभुरकर ने जानकारी दी कि सूचना पर जिले के साइबर सेल और सांकरा थाने की टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी शुरू की। इसी दरमियान परसवानी चौक पर दो मोटरसाइकिल सवार तीन लोग उस रास्ते से गुजरे। पुलिस ने उक्त वाहनों को रोका और वाहन सवार लोगों से पूछताछ की। बारीकी से तलाशी लेने पर तीनों आरोपियों से दो लाख बयासी हजार नकली नोट मिला।
एसपी के मुताबिक इन में से एक आरोपी पुनी राम पटेल (38) निवासी ग्राम मलदी जिला बलौदाबाजार बहुत दिनों से नकली नोटों को खपाने का काम करता आ रहा है। उन पर नकली नोट मामले में पहले भी मुकदमा दर्ज है। बाकी दो आरोपियों आलेख बरिहा (40) ग्राम भंडारपुरी ओडिशा, प्रफुल्ल बारीक (24) ग्राम जेराभरन सांकरा महासमुंद मुख्य आरोपी के साथ मिलकर नकली नोटों का कारोबार करते थे। पुलिस के मुताबिक तीनों ओडिशा से नकली नोट लाकर छत्तीसगढ़ में खपाते थे।