महासमुन्द
महासमुंद, 11 जून। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा प्रीबीएड तथा प्रीडीएलएड प्रवेश परीक्षा कल रविवार 12 जून 2022 को दो पालियों में आयोजित की गई है। प्रथम पाली में प्रीबीएड प्रवेश परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक एवं द्वितीय पाली में प्रीडीएलएड की प्रवेश परीक्षा अपराह्न 02 बजे से शाम 04:15 बजे तक होगी। प्रवेश परीक्षा प्रीबीएड निर्धारित 30 परीक्षा केन्द्रों में एवं प्रीडीएलएड निर्धारित 21 परीक्षा केन्द्रों में होगी। प्रीबीएड प्रवेश परीक्षा में 7 हजा 693 परीक्षार्थी एवं प्रीडीएलएड में 5 हजार 100 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने परीक्षा के सुचारू एवं निर्विघ्न संचालन के लिए विभिन्न परीक्षा केन्द्रों के लिए सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए है। इनमें भू अभिलेख शाखा के सहायक अधीक्षक लवन कुमार मंडन को प्रथम पाली में 08 एवं द्वितीय पाली में 06 परीक्षा केन्द्रों के लिए, कोडार नहर जल संसाधन उपसंभाग के अनुविभागीय अधिकारी पीयूष देवांगन को प्रथम पाली में एवं द्वितीय पाली में 10-10 परीक्षा केन्द्रों के लिए तथा अतिरिक्त तहसीलदार युवराज सिंह कुर्रे को प्रथम पाली में 12 केन्द्र एवं द्वितीय पाली में 05 केन्द्र के लिए सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
प्रवेश पत्र तथा उत्तरशीट में दिए गए फोटो एवं हस्ताक्षर के सूक्ष्म मिलान हेतु 3 सदस्यीय उडऩदस्ता दल का गठन किया गया है। इनमें तहसीलदार प्रेमूलाल साहू, अतुल सिन्हा एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहायक कार्यक्रम समन्वयक डीएन जांगड़े तथा नायब तहसीलदार सूरज बंछोर, ग्रामोद्योग के सहायक संचालक डमरूधर पटेल एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहायक कार्यक्रम समन्वयक कमल नारायण चन्द्राकर को प्रथम पाली में 10-10 एवं द्वितीय पाली में 7-7 परीक्षा केन्द्रों के लिए उडऩदस्ता नियुक्त किया गया है।
बागबाहरा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी केके वर्मा, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बागबाहरा एचआर देवांगन एवं सहायक बागबाहरा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नितिन लहरे को प्रथम पाली में 10 परीक्षा केन्द्रों तथा नायब तहसीलदार पटेवा क्षीर सागरनाथ बघेल, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार धृतलहरे एवं आईसीपीएस जिला महिला एवं बाल विकास खेमराज चौधरी को द्वितीय पाली में 10 परीक्षा केन्द्रों के लिए उडऩदस्ता नियुक्त किया गया है।
इस परीक्षा के निर्विघ्न संचालन के लिए विभिन्न परीक्षा केन्द्रों तक प्रथम एवं द्वितीय पाली में गोपनीय सामग्री पहुंचाने के लिए परिवहन अधिकारी, पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।