महासमुन्द

काम में लापरवाही, वित्तीय गड़बड़ी के आरोप, बेलसोंडा सरपंच निलंबित
11-Jun-2022 2:47 PM
काम में लापरवाही, वित्तीय गड़बड़ी के आरोप, बेलसोंडा सरपंच निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून।
महासमुंद ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलसोंडा की सरपंच को निलंबित कर दिया गया है। यह निलंबन पदीय कर्तव्यों के निर्वहन नहीं करने, वित्तीय मामलों में गड़बड़ी किए जाने, आरोप के बाद जांच में बाधक बनने, असहयोगात्मक रवैये के कारण सरपंच पद से निलंबित किया गया है। एसडीएम ने सरपंच के निलंबन का आदेश कल शुक्रवार को जारी किया है। प्रकरण धारा 40 पर आगामी सुनवाई के लिए 16 जून 2022 को नियत की गई है।

गौरतलब है कि उपसरपंच ग्राम पंचायत बेलसोंडा ने न्यायालय में सरपंच ग्राम पंचायत बेलसोंडा द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन नहीं करने और वित्तीय मामलों में गड़बड़ी किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया था। एसडीएम न्यायालय ने आवेदन को स्वीकार करते हुए सरपंच को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन निर्धारित तिथि तक सरपंच ने कोई जवाब नहीं दिया। इस कारण नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई की गई है। जानकारी अनुसार शिकायत की जांच के लिए जांच टीम गठित की गई थी। सरपंच ने न तो इस टीम का सहयोग किया और न ही संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए।
 


अन्य पोस्ट