महासमुन्द

तेंदुए ने बकमा गांव में पांच बकरियों को मार डाला
11-Jun-2022 2:44 PM
तेंदुए ने बकमा गांव में पांच बकरियों को मार डाला

कोटरीपानी, मनबाय, टोंगोपानी सहित अन्य गांवों में अलर्ट जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून।
महासमुंद जिले के बागबाहरा में रेंज में एक बार फिर से तेंदुए की आमद हुई है। तेंदुए ने क्षेत्र के बकमा गांव में एक बाड़ी में घुसकर पांच बकरियों को मार डाला है। घटना गुरूवार देर रात की बताई जा रही है। कल सुबह जब ग्रामीण उठे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। शिकार के तरीके और पंजों के निशान से पता चला है कि बकरियों पर हमला करने वाला वन्यप्राणी तेंदुआ ही था। घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा वन क्षेत्र के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पांचों बकरियों का पीएम कराया जल्द ही नियमानुसार सहायता राशि पशु पालकों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बकमा निवासी वसीम रजा गुरूवार शाम को खलिहान में बनी बाड़ी में बकरियों को बांधकर अपने घर चला गया। देर रात में बकरियों की तेज आवाज तो आई, लेकिन किसी का ध्यान ऐसी किसी घटना पर नहीं गया। सुबह जब वसीम ने देखा तोड़ बाड़े में बकरियां मृत पड़ी थी और उन पर चोट के निशान थे। इसके बाद घटना की जानकारी वन विभाग के अफसरों को दी गई।

बागबाहरा रेंज के रेंजर विकास चंद्राकर ने बताया कि गुरूवार की रात बकमा में तेंदुए के हमले से पांच बकरियों की मौत हुई है। पीडि़त पशुपालक को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में प्रति बकरी 3-3 हजार रुपए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के पास ही वन क्षेत्र लगा हुआ है। यहां पर कसेकेरा पहाड़ी एरिया है, जो पांच किमी वर्ग क्षेत्र में फैला हुआ है। साथ ही कम्पार्टमेंट क्रमांक 125, भी जंगल का क्षेत्र है। हो सकता है कि तेंदूआ इसी क्षेत्र से आया हो और वापस जंगल में लौट गया हो।

रेंजर ने बताया कि घटना के बाद से ऐहतियात के तौर पर बकमा सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों को तेंदुए की आमद के बारे में जानकारी दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को अलर्ट रहने और ऐसी कोई सूचना मिलने पर वन विभाग को जानकारी देने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की प्रवृत्ति वापस फिर से उसी क्षेत्र में लौटने की नहीं होती है। फिर भी आसपास के गांव कोटरीपानी, मनबाय, टोंगोपानी सहित अन्य गांवों में अलर्ट रहने के लिए मुनादी कराई गई है।


अन्य पोस्ट